धरसींवा में सुशासन तिहार: अनुज शर्मा ने हितग्राहियों को बांटे पट्टे, कार्ड और उपकरण

रायपुर, 08 मई 2025 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में चल रहे सुशासन तिहार 2025 के तीसरे चरण के तहत धरसींवा विधानसभा के ग्राम गोढ़ी में विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा ने शिविर लगाकर ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान शिविर में सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
विधायक अनुज शर्मा ने इस अवसर पर किसानों को ऋण पुस्तिका, जरूरतमंदों को राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल, मछुआरों को आइस बॉक्स और भूमिहीनों को पट्टा वितरित किया। उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा, “सुशासन तिहार केवल आवेदन लेने या समस्याएं सुनने का अभियान नहीं, बल्कि यह जनता और शासन के बीच विश्वास का सेतु बन चुका है।”
उन्होंने कहा कि तिहार का उद्देश्य सरकार को जनता के द्वार तक लाना है और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे। “समाधान शिविरों के माध्यम से शासन आपके द्वार आ रहा है, जिससे शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके,” उन्होंने जोड़ा।
इस अवसर पर वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा ने भी शिविर में शिरकत की और बताया कि सुशासन तिहार “मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस” का सशक्त उदाहरण बन चुका है। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक केवल रायपुर जिले में 3 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं और इनमें से बड़ी संख्या में निराकरण किया जा चुका है। इस मामले में रायपुर जिला पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर है।
कार्यक्रम में रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, उपाध्यक्ष संदीप यदु, जनप्रतिनिधि दिनेश खुटे, सरोज चंद्रवंशी सहित अनेक अधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अब हर गांव में पहुंचेगा समाधान शिविर, शासन की योजनाएं होंगी सुलभ।



