भिलाई में मारुति सुजुकी शोरूम के GM की महिला स्टाफ ने की पिटाई: स्याही फेंकी, थप्पड़-लात मारी; छेड़छाड़ के आरोप में FIR

दुर्ग-भिलाई, 25 मई 2026// छत्तीसगढ़ के भिलाई में स्थित Maruti Suzuki India के शोरूम में उस समय हंगामा मच गया, जब महिला स्टाफ ने शोरूम के जीएम अंकित आनंद पर स्याही फेंक दी और उनकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। महिला कर्मचारी ने जीएम पर अश्लील मैसेज भेजने, गलत व्यवहार करने और छेड़छाड़ करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र स्थित चौहान ऑटोमोबाइल शोरूम का है। जानकारी के मुताबिक महिला कर्मचारी पहले ही अंकित आनंद के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करा चुकी थी। इसी शिकायत की जांच के लिए 22 मई को पुलिस टीम जीएम को लेकर शोरूम पहुंची थी। इसी दौरान महिला का गुस्सा फूट पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही अंकित आनंद ऑफिस के अंदर पहुंचे, महिला कर्मचारी ने उन पर स्याही फेंक दी। इसके बाद उसने थप्पड़ मारे और लात से भी हमला किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन महिला काफी आक्रोशित थी। घटना के समय वहां महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला लगातार जीएम पर हमला कर रही है, जबकि पुलिस अधिकारी उसे रोकने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं अंकित आनंद खुद को बचाते नजर आए।
सूत्रों के मुताबिक, शोरूम में काम करने वाली अन्य महिला कर्मचारियों ने भी जीएम के व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई है। बताया जा रहा है कि 3 से 4 अन्य महिला स्टाफ भी उनसे परेशान थीं और शिकायत करने की तैयारी में हैं, हालांकि अब तक किसी ने खुलकर मीडिया के सामने बयान नहीं दिया है।
भिलाई नगर सीएसपी ने बताया कि आरोपी अंकित आनंद के खिलाफ छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब अन्य महिला कर्मचारियों के बयान भी दर्ज करेगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



