गन्ना किसानों को बड़ी राहत: जुलाई-अगस्त तक होगा पूरा भुगतान, विधायक भावना बोहरा ने दिया भरोसा

पंडरिया, 30 जून 2026
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने गन्ना किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना, पंडरिया में गन्ना बेचने वाले किसानों की बकाया राशि का पूरा भुगतान जुलाई से अगस्त के बीच उनके बैंक खातों में कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसानों के भुगतान में तेजी लाने के लिए राज्य सरकार, सहकारिता विभाग और संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। शासन स्तर पर शुगर मिल में उपलब्ध चीनी स्टॉक के मूल्य के बराबर अग्रिम राशि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया है, जिससे भुगतान प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और समयबद्ध हो सके।
विधायक ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में शक्कर कारखाने की वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए कई सुधारात्मक कदम उठाए गए हैं। वित्तीय वर्ष 2022-23 की तुलना में स्थापना व्यय ₹15.06 करोड़ से घटाकर ₹9.65 करोड़ और अनुरक्षण एवं मरम्मत व्यय ₹10.97 करोड़ से घटाकर ₹4.13 करोड़ किया गया है। साथ ही कर्मचारियों की संख्या आवश्यकता के अनुरूप सीमित की गई है और विभिन्न मदों में खर्च पर नियंत्रण कर पिछले दो वर्षों में लगभग ₹16 करोड़ की अतिरिक्त बचत की गई है।
भावना बोहरा ने कहा कि कारखाने की आय बढ़ाने के लिए उपलब्ध संसाधनों का बेहतर प्रबंधन किया गया है। मोलासिस की बिक्री भी अनुकूल बाजार मूल्य पर कर आर्थिक स्थिति मजबूत करने का प्रयास किया गया है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि गन्ना किसान क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं और उनके परिश्रम का उचित मूल्य समय पर दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार किसानों के हितों के साथ कोई समझौता नहीं करेगी और प्रत्येक गन्ना उत्पादक को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।



