छत्तीसगढ़

बस में 2 करोड़ का गांजा जब्त: झाड़ू बेचने की आड़ में हो रही थी तस्करी, महिला-पुरुष आरोपी फरार

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक यात्री बस से करीब 20 क्विंटल गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने बस चालक और हेल्पर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि गांजे की खेप के साथ सफर कर रहे महिला और पुरुष आरोपी मौके से फरार हो गए।

सूचना के बाद बस को रोका गया

जयनगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि नीलम कंपनी की बस (CG-15-EH-4301) अंबिकापुर से मध्य प्रदेश की ओर जा रही है और उसमें बड़ी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सिलफिली क्षेत्र में नाकेबंदी कर बस को रोककर जांच की।

झाड़ू और कपड़ों की गठरियों में छिपा था गांजा

जांच के दौरान बस में रखी झाड़ू और कपड़ों की गठरियां संदिग्ध लगीं। तलाशी लेने पर गठरियों के भीतर बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी झाड़ू बेचने के बहाने गांजे की खेप मध्य प्रदेश के कटनी ले जा रहे थे।

बस रुकते ही भाग निकले तस्कर

पुलिस के अनुसार बस रुकते ही उसमें सवार कुछ महिला और पुरुष यात्री नीचे उतरकर फरार हो गए। इसके बाद चालक और हेल्पर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क, सप्लायर और रिसीवर की जानकारी जुटाने में लगी है।

बस में सवार थे 15 से 20 लोग

शिकायतकर्ता विजय सोनी ने बताया कि कालीघाटी के पास कुछ संदिग्ध लोग दिखाई देने पर उन्होंने डायल-112 को सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की। बस में करीब 15 से 20 यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं।

हाल में भी हुई थी बड़ी कार्रवाई

गौरतलब है कि पांच दिन पहले महासमुंद जिले के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने करीब 3 करोड़ रुपए मूल्य का 6 क्विंटल गांजा जब्त किया था। तस्कर ओडिशा से महाराष्ट्र गांजा ले जा रहे थे और उसे मशीनरी सामान के कार्टनों के नीचे छिपाकर रखा गया था।

पुलिस ने सूरजपुर मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button