छत्तीसगढ़
Trending

जशपुर में गणेश विसर्जन जुलूस पर कहर बरपाती बोलेरो – 3 श्रद्धालुओं की मौत, 20 से ज्यादा घायल

जशपुर, 03 सितंबर 2025 जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जुरूडांड में मंगलवार रात गणेश विसर्जन के लिए निकली भीड़ पर तेज रफ्तार बोलेरो ने कहर बरपा दिया। हादसे में 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल 18 लोगों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम जुरूडांड के करीब 150 श्रद्धालु बाजे-गाजे के साथ गणेश विसर्जन जुलूस में शामिल थे। इसी दौरान रात करीब 11 बजे रायकेरा की ओर से आ रही बोलेरो बेकाबू होकर भीड़ में जा घुसी और कई श्रद्धालुओं को कुचल दिया।

मृतकों की पहचान

हादसे में अरविंद करकेट्टा (19), विपिन प्रजापति (17) और खिरोवती यादव (32) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, करीब 30 लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल अन्य वाहनों की मदद से बगीचा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

प्रशासनिक अमला मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही जशपुर विधायक रायमुनी भगत, कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी शशि मोहन बगीचा पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों से मुलाकात कर चिकित्सकों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए।

ड्राइवर को भीड़ ने पकड़ा

हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने बोलेरो चालक सुख सागर यादव को पकड़कर जमकर पीटा। मारपीट में घायल ड्राइवर को भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

2021 की यादें ताजा

यह दर्दनाक हादसा जिले के लोगों को 15 अक्टूबर 2021 की पत्थलगांव दुर्घटना की याद दिला गया, जब दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा में गांजा से भरी एक चार पहिया गाड़ी बेकाबू होकर भीड़ में घुस गई थी। उस घटना में एक की मौत और 12 लोग घायल हुए थे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button