वनमंत्री केदार कश्यप ने नारायणपुर विधानसभा के ग्रामों को दी 2.88 करोड़ की सौगात, विकास कार्यों का किया भूमिपूजन और लोकार्पण

00किसानों की आय बढ़ाने सरकार प्रतिबद्ध, गांव-गांव तिरंगा यात्रा का आह्वान00
जगदलपुर। नारायणपुर विधानसभा के कुम्हली और बनियागांव गांवों को सोमवार को कुल 2 करोड़ 88 लाख रुपए की सौगात मिली। वनमंत्री केदार कश्यप ने क्षेत्रीय प्रवास के दौरान कोंडागांव क्षेत्र में एनिकट निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।
कश्यप ने बताया कि 2 करोड़ 68 लाख के एनिकट निर्माण कार्य और लगभग 20 लाख रुपए के अन्य निर्माण कार्यों से क्षेत्रवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अगुवाई में भाजपा सरकार बस्तर के विकास के लिए संकल्पित है।


कृषि के साथ पशुपालन और मत्स्यपालन को मिलेगा बढ़ावा
कश्यप ने कहा कि सरकार की मंशा है कि किसान केवल खेती तक सीमित न रहें बल्कि पशुपालन, डेयरी और मत्स्यपालन जैसे क्षेत्रों से भी आय बढ़ाएं। इससे किसानों की आमदनी दोगुनी करने का सपना साकार होगा।
तेन्दूपत्ता संग्रहकों को मिलेगा भुगतान, नहीं होगी परेशानी
मंत्री ने आश्वस्त किया कि तेन्दूपत्ता संग्रहण करने वालों को अब भुगतान में कोई परेशानी नहीं होगी। प्रत्येक संग्रहकर्ता को उनके परिश्रम का पूरा मूल्य मिलेगा।
तिरंगा यात्रा का आह्वान, सेना के शौर्य का किया गौरवगान
सभा में मौजूद युवाओं और महिलाओं को संबोधित करते हुए कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि सेना के पराक्रम को पूरा देश और विश्व मानता है, विपक्ष को छोड़कर। उन्होंने जनता से अपने-अपने गांवों में तिरंगा यात्रा निकालने का आह्वान किया।
सुशासन तिहार में शासन-प्रशासन जनता के बीच
मंत्री कश्यप ने बताया कि वर्तमान में राज्य में सुशासन तिहार मनाया जा रहा है। इसके तहत शासन-प्रशासन की टीमें गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार जनसमस्याओं के निराकरण के लिए संकल्पित है और पूरा मंत्रिमंडल जनता के बीच सक्रिय है।



