छत्तीसगढ़रायपुर

छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार जारी होगा ₹200 का स्मारक सिक्का : माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर केंद्र सरकार का सम्मान

रायपुर, 11 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ और सिंधी समाज के लिए गर्व का क्षण आने वाला है। माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर भारत सरकार ₹200 का स्मारक सिक्का और विशेष स्मारक डाक टिकट जारी करेगी। करीब 300 वर्ष पुरानी आध्यात्मिक पीठ शदाणी दरबार, रायपुर से जुड़ी इस ऐतिहासिक उपलब्धि को छत्तीसगढ़ के लिए भी विशेष महत्व का माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ से जुड़े किसी विषय पर पहली बार स्मारक सिक्का जारी किया जाएगा।

शदाणी दरबार के वर्तमान एवं नवम पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने बताया कि माता साहिब हासी देवी ने सिंध में नारी शक्ति की रक्षा करते हुए समाज को एकता के सूत्र में बांधा। उन्होंने शदाणी दरबार को सेवा, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और मानव कल्याण का प्रमुख केंद्र बनाया। उनके सेवा, त्याग, समाज सुधार और नारी उत्थान के कार्यों के सम्मान में भारत सरकार यह ऐतिहासिक स्मारक सिक्का और विशेष डाक टिकट जारी कर रही है।

शदाणी दरबार के प्रवक्ता नंदलाल साहित्या और उदय साईं ने कहा कि यह केवल शदाणी दरबार ही नहीं, बल्कि देश-विदेश में बसे पूरे सिंधी समाज के लिए गौरव का विषय है। उनके अनुसार, सिंधी समाज की किसी महान विभूति के सम्मान में पहली बार भारत सरकार स्मारक सिक्का और विशेष डाक टिकट जारी कर रही है।

उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि के पीछे शदाणी दरबार से जुड़े सिक्का संग्राहक विक्रम तेजवानी की वर्षों की मेहनत और दूरदृष्टि का महत्वपूर्ण योगदान है। स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी करने की परिकल्पना सबसे पहले उन्होंने ही की थी, जो अब साकार होने जा रही है।

शदाणी दरबार लंबे समय से परोपकार, सेवा, सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार, भक्ति, ज्ञान और मानव कल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। दरबार की यह परंपरा आज भी समाज को सेवा, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दे रही है।

स्मारक सिक्के की प्रक्रिया से जुड़े प्रसिद्ध मुद्राशास्त्री सुधीर लूणावत ने बताया कि ₹200 मूल्यवर्ग का यह स्मारक सिक्का भारत सरकार की कोलकाता टकसाल में तैयार किया जा रहा है। सिक्के का कुल वजन 35 ग्राम होगा, जिसमें 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा, 5 प्रतिशत निकल और 5 प्रतिशत जस्ता का मिश्रण रहेगा।

संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने बताया कि स्मारक सिक्के का अनावरण इसी सप्ताह होने की संभावना है। जारी होने के बाद श्रद्धालु और संग्राहक इसे शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों अथवा कोलकाता टकसाल की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से बुक कर प्राप्त कर सकेंगे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button