छत्तीसगढ़

ईसाई धर्म नहीं अपनाया तो मारपीट का आरोप: मोबाइल तोड़ा, घर में ताला लगाया; रायपुर में दो महिलाओं पर FIR

रायपुर, 23 अक्टूबर। राजधानी रायपुर के अमलीडीह क्षेत्र में धर्म परिवर्तन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। एक परिवार ने दो महिलाओं पर ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाने, मारपीट करने और परिवार के सदस्यों को परेशान करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम, 2026 की धारा 16(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छोटी बेटी का धर्म परिवर्तन कराने का आरोप

शिकायतकर्ता के मुताबिक, परिवार पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि परिवार की छोटी बेटी का पहले ही धर्म परिवर्तन कराया जा चुका है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि ईसाई धर्म नहीं अपनाने पर परिवार के सदस्यों के साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई।

मोबाइल तोड़ने और घर में ताला लगाने की शिकायत

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान मोबाइल फोन तोड़ दिया गया। इसके अलावा घर में ताला लगाने और इलाज के लिए बाहर नहीं जाने देने की बात भी शिकायत में कही गई है। परिवार के 16 वर्षीय बेटे को भी धर्म परिवर्तन के लिए प्रलोभन देने का आरोप लगाया गया है।

दो महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज

इस मामले में पुलिस ने विशाखा मसीह और दुलारी साहू के खिलाफ न्यू राजेंद्र नगर थाने में FIR दर्ज की है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button