
बालोद, 06 जुलाई 2026। जिले के बालोद कोतवाली थाना से पुलिस अभिरक्षा में रखी गई चोरी की आरोपी महिला पुलिस को चकमा देकर फरार हो गई। घटना के 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद महिला का कोई सुराग नहीं मिला है। मामले में ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर एक महिला कांस्टेबल सहित तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, चोरी के आरोप में गिरफ्तार महिला को शुक्रवार शाम बालोद कोतवाली थाना लाया गया था, जहां रातभर उसे पुलिस अभिरक्षा में रखा गया। शनिवार सुबह किसी समय वह पुलिस को चकमा देकर थाने से फरार हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया, लेकिन अब तक महिला का पता नहीं चल सका है।
प्रारंभिक जांच में ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर विभाग ने एक महिला कांस्टेबल समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, फरार महिला की तलाश लगातार जारी है।



