महतारी वंदन योजना में फिर आएगी खुशियों की किस्त: 67.38 लाख हितग्राहियों को DBT से मिलेंगे ₹632.40 करोड़

रायपुर, 07 अक्टूबर 2026। प्रदेश में महतारी वंदन योजना 01 मार्च 2024 से लागू की गई है। योजना का लाभ लेने हेतु कुल 70 लाख 27 हजार 154 हितग्राहियों द्वारा आवेदन किया गया था, जिनमें से पात्रता रखने वाली 70 लाख 09 हजार 578 महिलाओं को 10 मार्च 2024 को प्रथम बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से सहायता राशि का अंतरण किया गया। महतारी वंदन योजना में डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया जाता है, जिसका उपयोग राज्य की महिलाओं द्वारा सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण एवं कुपोषण, एनीमिया निवारण में किया जा रहा है।
योजना प्रारंभ से अब तक प्रदेश की महतारियों को 31 किश्तों में 20,075.71 करोड़ रुपए की सहायता अनुमोदित कर दी जा चुकी है। 08 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा प्रदेश की महतारियों को 32वीं किस्त का भुगतान दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम में किया जाएगा।
विभाग द्वारा महतारी वंदन योजना की 32वीं किश्त में ई-केवायसी करा चुके 67 लाख 38 हजार 217 हितग्राहियों को कुल 632 करोड़ 40 लाख 04 हजार 250 रुपए का भुगतान डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा। इस प्रकार 32वीं किस्त के साथ योजना के हितग्राहियों को कुल 20,708.11 करोड़ रुपए का भुगतान हो जाएगा।
माह अक्टूबर 2026 की 32वीं किश्त के भुगतान हेतु अद्यतन स्थिति में कुल 68 लाख 52 हजार 661 पात्र हितग्राहियों में से अनुमोदन हेतु 67 लाख 31 हजार 314 हितग्राही एवं नियद नेल्लानार के हितग्राहियों की 12वीं किस्त के भुगतान अनुमोदन हेतु 6 हजार 903 हितग्राही शामिल हैं। इस प्रकार अनुमोदन हेतु कुल 67 लाख 38 हजार 217 हितग्राहियों को महतारी वंदन योजना की राशि का भुगतान डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा।



