छत्तीसगढ़बिलासपुर

बिलासपुर में बारिश से रेलवे बेपटरी: यार्ड में भरा पानी, 5 लोकल ट्रेनें रद्द; कई एक्सप्रेस घंटों तक फंसीं

बिलासपुर, 18 जुलाई। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब रेल यातायात पर भी साफ दिखाई देने लगा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर मंडल में रेलवे यार्ड और ट्रैक पर भारी जलभराव होने से रेल संचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। सुरक्षा कारणों से रेलवे प्रशासन ने रायपुर, कोरबा और रायगढ़ रूट की 5 मेमू (लोकल) ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों को बिलासपुर स्टेशन और आउटर पर रोककर नियंत्रित किया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बिलासपुर स्टेशन यार्ड में पानी भर जाने से सिग्नलिंग सिस्टम और ट्रैक सर्किट ने काम करना बंद कर दिया है। तकनीकी खराबी के चलते ट्रेनों का सुरक्षित संचालन प्रभावित हुआ है। इसका असर हावड़ा-मुंबई मार्ग पर भी पड़ा, जहां ज्ञानेश्वरी सुपरडीलक्स एक्सप्रेस और हावड़ा-मुंबई मेल सहित कई लंबी दूरी की ट्रेनों को लंबे समय तक स्टेशन पर रोकना पड़ा।

रेलवे इंजीनियरों ने बताया कि जब तक यार्ड का ट्रैक सर्किट पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाता, तब तक ट्रेनों का संचालन पायलटिंग और मैनुअल गाइडेंस के माध्यम से बेहद धीमी गति से कराया जाएगा। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

लगातार हो रही बारिश के कारण बिलासपुर रेल मंडल में हालात पर रेलवे की टीमें लगातार नजर बनाए हुए हैं। जलभराव खत्म होने और तकनीकी व्यवस्था सामान्य होने के बाद ही ट्रेनों का नियमित संचालन बहाल किया जाएगा।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button