⚡ पीएम सूर्यघर योजना में डबल सब्सिडी का डबल असर, 58,500 आवेदन और 6,500 घरों में सोलर पैनल

रायपुर, 17 सितंबर 2025।प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में छत्तीसगढ़ सरकार की अतिरिक्त सब्सिडी का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। राज्य सरकार द्वारा केन्द्र की तर्ज पर सब्सिडी देने से आवेदन और स्थापना की गति दोगुनी हो गई है। अब तक 58,500 उपभोक्ताओं ने आवेदन किया है, जिनमें से 6,500 घरों में रूफटॉप सोलर पैनल लग चुके हैं और 17,000 घरों में स्थापना की प्रक्रिया जारी है।
केन्द्र सरकार पहले से ही 1 किलोवाट पर 30,000 रुपये, 2 किलोवाट पर 60,000 रुपये और 3 किलोवाट पर 78,000 रुपये की सब्सिडी दे रही थी। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 18 जून 2025 को राज्य मंत्री परिषद की बैठक में राज्य सब्सिडी की घोषणा की थी। इसके तहत 1 किलोवाट पर 15,000 रुपये, 2 किलोवाट पर 30,000 रुपये और 3 किलोवाट पर 30,000 रुपये अतिरिक्त सब्सिडी मिल रही है। अब कुल सब्सिडी क्रमशः 45,000 रुपये, 90,000 रुपये और 1,08,000 रुपये तक हो गई है। साथ ही उपभोक्ताओं को बैंकों से 10 वर्षों के लिए 6% ब्याज दर पर आसान ऋण की सुविधा भी दी जा रही है।
मुख्यमंत्री साय की विशेष पहल पर यह भी व्यवस्था की गई है कि स्थापना के एक माह के भीतर राज्य सब्सिडी हितग्राहियों के खाते में जमा हो जाएगी। हाल ही में 8 सितंबर को 618 हितग्राहियों को 1.85 करोड़ रुपये की सब्सिडी सीधे बैंक खातों में अंतरित की गई। इससे उपभोक्ताओं का विश्वास और उत्साह तेजी से बढ़ा है।
राज्य सब्सिडी लागू होने से पहले औसत मासिक आवेदन संख्या 1,607 और स्थापना 337 थी, जबकि अब यह बढ़कर क्रमशः 3,906 और 744 हो गई है।
योजना के प्रति यह उत्साह बताता है कि लोग अब सिर्फ सरकारी सस्ती बिजली पर निर्भर रहने की बजाय आत्मनिर्भर ऊर्जा विकल्पों की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं।



