वक्फ बोर्ड बिल पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव का बड़ा बयान: कहा- मोदी सरकार ला रही ऐतिहासिक सुधार, मुस्लिम समाज को मिलेगा फायदा

वक्फ बोर्ड बिल पर बोले उपमुख्यमंत्री अरुण साव
रायपुर। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने वक्फ बोर्ड संशोधन बिल को लेकर कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार 2014 से लगातार सुधार और परिवर्तन की नीति पर काम कर रही है। दोनों सदनों में इस बिल के पास होने के बाद वक्फ संपत्ति को लेकर एक बड़ा सुधार होगा। उन्होंने कहा कि रेलवे और सेना के बाद सबसे अधिक जमीन वक्फ बोर्ड के पास है, लेकिन किसी भी संपत्ति को वक्फ की संपत्ति घोषित किया जा रहा था, जिससे कई खामियां उत्पन्न हो रही थीं। इस बिल के माध्यम से इन कमियों को दूर किया गया है। उन्होंने कहा कि इस कानून का उपयोग मुस्लिम समाज के हित में किया जाएगा और महिलाओं को भी इसमें स्थान दिया गया है।
अमित शाह के दौरे को बताया ऐतिहासिक
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित बस्तर दौरे को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बस्तर के विकास और शांति के लिए गंभीरता से काम कर रही है। तेज गति से इस दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2026 तक नक्सलवाद खत्म करने के संकल्प की दिशा में यह दौरा ठोस कदम साबित होगा।
कांग्रेस की नई कार्यकारिणी पर निशाना
कांग्रेस की नई कार्यकारिणी और रणनीति पर टिप्पणी करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्वहीनता की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो भी निर्णय लेती है, उससे पार्टी को ही नुकसान होता है। जनता से उसका कोई सरोकार नहीं रह गया है, इसलिए वह जनता से दूर होती जा रही है। कांग्रेस में लगातार आंतरिक कलह बढ़ रही है, इसके नेता आपस में ही झगड़ रहे हैं।
लोक स्वराज अभियान को बताया जनता के लिए फायदेमंद
भाजपा के लोक स्वराज अभियान को लेकर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि जिस तरह से मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार जनता के बीच जाकर संवाद कर रही है, उससे आगे और अधिक जनसमर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान से सभी कार्यकर्ताओं को बराबर महत्व मिलेगा और भाजपा सरकार आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल कर रही है।