छत्तीसगढ़

केलो डैम के 4 गेट खुलते ही बढ़ा खतरा: रायगढ़ में घर-घर पानी, रायपुर में झमाझम; मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट

रायपुर/रायगढ़, 21 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय है, लेकिन बारिश का असमान वितरण देखने को मिल रहा है। मंगलवार को रायगढ़ और रायपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। रायगढ़ में लगातार बारिश के कारण केलो डैम के चार गेट खोलने पड़े, जबकि शहर के कई इलाकों में जलभराव से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर, पूरे मानसून सीजन में अब तक राज्य में सामान्य से 24% कम बारिश दर्ज की गई है।

रायगढ़ के पैठू डबरी, चंद्रनगर की नामदेव गली और वार्ड क्रमांक-18 में कई घरों में घुटनों तक पानी भर गया। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने केलो डैम के चार गेट खोल दिए। वर्तमान में डैम का जलस्तर 230.85 मीटर दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में प्रदेश के उत्तर और मध्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि रायपुर और सरगुजा संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रतापपुर में सबसे अधिक 110 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

प्रदेश में अब तक 307.2 मिमी (करीब 12 इंच) बारिश हुई है, जो इस अवधि के सामान्य औसत का 81.8 प्रतिशत है। यानी छत्तीसगढ़ में अब भी 24 प्रतिशत बारिश की कमी बनी हुई है।

बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। रायपुर में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है। गरज-चमक और बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है। खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले एक सप्ताह तक भारी बारिश के आसार हैं।

बारिश का असर प्रदेश के कई हिस्सों में दिखाई दे रहा है। हाल के दिनों में मुंगेली का कारीडोंगरी पुल, बिलासपुर में नेशनल हाईवे, निचले इलाकों की बस्तियां और कई कॉलोनियां जलमग्न हो चुकी हैं। वहीं, अच्छी बारिश से कई जिलों में खरीफ फसलों की बुवाई को फायदा मिलने की उम्मीद है, हालांकि कम वर्षा वाले क्षेत्रों में किसानों की नजर अब आने वाली बारिश पर टिकी है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button