क्रेडा सीईओ राजेश सिंह राणा ने महासमुंद और बलौदाबाजार में जल जीवन मिशन और सौर परियोजनाओं का किया औचक निरीक्षण

रायपुर, 04 जनवरी 2025| महासमुंद और बलौदाबाजार जिलों में जल जीवन मिशन, सौर सुजला योजना, पीएम श्री स्कूल और सोलर पावर प्लांट के तहत स्थापित सौर संयंत्रों का क्रेडा सीईओ राजेश सिंह राणा ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता में लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए महासमुंद के मैकेनिक बलराम साहू को निलंबन का नोटिस जारी किया गया।

जल जीवन मिशन योजनाओं का निरीक्षण
महासमुंद जिले के ग्राम सिंघनगढ़ और धनगढ़ में सोलर पेयजल संयंत्रों का निरीक्षण किया गया। स्थानीय निवासियों ने पानी की आपूर्ति सीमित घरों तक होने की शिकायत की, जिस पर सीईओ ने पीएचई विभाग के साथ समन्वय कर शीघ्र सुधार के निर्देश दिए।

सौर सुजला योजना की सराहना
ग्राम रायतुम और रवान में सौर सुजला योजनांतर्गत स्थापित सोलर पंपों का निरीक्षण किया गया। हितग्राहियों ने बताया कि संयंत्रों की मदद से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। सीईओ ने इन परियोजनाओं की सराहना करते हुए ‘सौर समाधान’ ऐप का अधिकाधिक उपयोग करने की सलाह दी।

सोलर पॉवर प्लांट की स्थिति
ग्राम ढेबीखार में स्कूल और बाजार चौक पर स्थापित सोलर पावर प्लांटों का निरीक्षण किया गया। स्कूल में संयंत्र की प्रभावशीलता की प्रशंसा की गई, जबकि बाजार चौक पर संयंत्र की बैटरियां खराब पाई गईं। सीईओ ने सुधार कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

ग्राम आमगांव में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
ग्राम आमगांव में जल जीवन मिशन, सोलर हाईमास्ट और गांव गंगा योजना के तहत स्थापित संयंत्रों का निरीक्षण किया गया। ग्रामीणों ने 2018-19 में स्थापित सोलर होमलाइट संयंत्रों की मरम्मत का अनुरोध किया, जिस पर सीईओ ने सर्वेक्षण कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा।

गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
निरीक्षण के बाद सीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए कार्य समय सीमा में पूरे किए जाएं।
ग्रामीणों ने क्रेडा के कार्यों की सराहना की
गांवों में निरीक्षण के दौरान कई हितग्राहियों ने क्रेडा की योजनाओं से हुए लाभ के लिए आभार व्यक्त किया। सीईओ ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
यह निरीक्षण राज्य सरकार की सौर ऊर्जा योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया।



