छत्तीसगढ़

मानसून पर CM साय की दो टूक: सरकार देगी पूरा साथ, लेकिन मौसम के हिसाब से ही बनाएं खेती की रणनीति

रायपुर, 2 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कमजोर मानसून की आशंका के बीच प्रदेश के किसानों को भरोसा दिलाते हुए कहा है कि राज्य सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने किसानों से अपील की कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए खेती-किसानी की योजना बनाएं, ताकि नुकसान से बचा जा सके।

जांजगीर-चांपा और सक्ती दौरे पर रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम विभाग पहले ही संकेत दे चुका है कि इस वर्ष मानसून सामान्य से कमजोर रह सकता है। ऐसे में सरकार लगातार किसानों को जागरूक कर रही है कि वे बारिश की स्थिति के अनुसार फसल और कृषि कार्यों की योजना तैयार करें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वे आज सक्ती में भाजपा जिला कार्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

AI मिशन पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री साय ने मंत्रालय में हुई समीक्षा बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि इस वर्ष के बजट में सरकार ने पांच प्रमुख मिशन तय किए हैं, जिनमें AI मिशन भी शामिल है। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) का उपयोग तेजी से हर क्षेत्र में बढ़ रहा है और इसके प्रभावी इस्तेमाल को लेकर सरकार गंभीरता से काम कर रही है।

चरण पादुका योजना पर बोले CM

चरण पादुका योजना के टेंडर पर हाईकोर्ट द्वारा लगाई गई रोक के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने इस योजना को बंद कर दिया था, लेकिन उनकी सरकार ने इसे दोबारा शुरू किया है और हर वर्ष पात्र हितग्राहियों को इसका लाभ देने के लिए प्रतिबद्ध है।

4-5 जुलाई को होगा चिंतन शिविर

मुख्यमंत्री ने बताया कि 4 और 5 जुलाई को IIM में आयोजित होने वाला चिंतन शिविर इस सरकार का तीसरा चिंतन शिविर होगा। इसमें सुशासन (Good Governance), सरकारी योजनाओं की समीक्षा और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सरकार के कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने में मददगार साबित होते हैं।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button