छत्तीसगढ़

रायपुर से आ रही बस हादसे का शिकार: बलौदाबाजार में ट्रक से भिड़ंत, चीख-पुकार के बीच 16 घायल, 3 गंभीर

बलौदाबाजार, 25 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में शुक्रवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सकरी के पास नेशनल हाईवे-130B पर रायपुर से बलौदाबाजार आ रही यात्री बस और सामने से आ रहे ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही बलौदाबाजार पुलिस, डायल-112 और पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के मुताबिक, हादसे में 16 यात्री घायल हुए हैं। इनमें अधिकांश को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि 3 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनका जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा नेशनल हाईवे-130B पर बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर के कारण हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

यह हादसा एक बार फिर रायपुर-बलौदाबाजार मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करता है। इस मार्ग पर भारी वाहनों, यात्री बसों और निजी वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क संकरी होने के कारण बड़े वाहनों के ओवरटेक के दौरान हादसों का खतरा लगातार बना रहता है।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button