निकाय और पंचायत चुनाव: भाजपा की देर रात तक चली मैराथन बैठक में प्रत्याशियों के नामों पर मुहर, जल्द जारी होगी सूची, जानें क्या रही रणनीति

रायपुर, 25 जनवरी 2025। भाजपा ने नगरीय निकाय और त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर शुक्रवार देर रात तक मेराथन बैठकें कीं। ये बैठकें कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित हुईं। प्रदेश चुनाव समिति की इस बैठक में चुनावी रणनीति और प्रत्याशियों के चयन प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा समेत अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने बताया कि सभी स्तरों पर चयन समितियों ने प्रत्याशियों के नामों की सूची प्रदेश स्तरीय समिति तक भेज दी है। आगामी एक-दो दिनों में नामों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा समरसता के साथ सभी वर्गों को साथ लेकर चलने के सिद्धांत पर काम कर रही है।
प्रदेश संयोजक भूपेंद्र सवन्नी ने बताया कि प्रत्याशी चयन प्रक्रिया पूरी कर केंद्रीय नेतृत्व को पैनल भेजा गया है। महापौर समेत अन्य प्रत्याशियों की सूची जल्द ही जारी की जाएगी।
चुनाव संबंधी मुख्य बिंदु:
- भाजपा ने सभी स्तरों की समितियों से प्रत्याशियों के नाम मंगवाए।
- सभी वर्गों के प्रतिनिधित्व पर ध्यान दिया गया।
- प्रत्याशियों की सूची अगले 1-2 दिनों में घोषित होगी।
भाजपा ने इस चुनाव में व्यापक रणनीति के साथ सभी वर्गों को साधने का प्रयास किया है, जिससे यह मुकाबला बेहद रोचक होने की संभावना है।



