छत्तीसगढ़

BJP विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी: खुद को बड़े नेता का PA बताकर ऐंठे 10 हजार, ओडिशा से आरोपी गिरफ्तार

रायपुर, । भाजपा विधायक Purandar Mishra से ठगी के मामले में रायपुर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में ओडिशा से एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को रायपुर लाया जा रहा है, जहां बुधवार सुबह पुलिस पूरे मामले का खुलासा कर सकती है।

जानकारी के मुताबिक आरोपी ने विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन कर खुद को भाजपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पीए बताया। उसने कहा कि वह भुवनेश्वर जा रहा है और रास्ते में ड्राइवर से विवाद होने के कारण फंस गया है। आरोपी ने डीजल भरवाने और जरूरी काम बताकर पैसों की मांग की।

शातिर ठग ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल में भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें लगा रखी थीं, जिससे उसकी बात पर आसानी से भरोसा हो गया। पहले उसने 4500 रुपए मांगे, लेकिन परेशानी में होने की बात सुनकर विधायक ने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के जरिए आरोपी के खाते में कुल 10 हजार रुपए ट्रांसफर करवा दिए।

करीब डेढ़ घंटे बाद आरोपी ने दोबारा पैसों की मांग की। इस पर विधायक को शक हुआ। उन्होंने नितिन नवीन के कार्यालय में संपर्क कर जानकारी ली, जहां पता चला कि उस नाम का कोई व्यक्ति कार्यालय में कार्यरत ही नहीं है।

इसके बाद खम्हारडीह थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने मोबाइल नंबर, बैंक खाते और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन ओडिशा में मिली, जिसके बाद रायपुर पुलिस की टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इसी तरह और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और कई अहम खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

घटना के बाद विधायक पुरंदर मिश्रा ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान नंबर से पैसे मांगने पर तुरंत भरोसा न करें और पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर जानकारी की पुष्टि जरूर करें।

बता दें कि हाल ही में राजधानी रायपुर में भाजपा नेताओं को निशाना बनाने की दूसरी बड़ी घटना भी सामने आई थी। इससे पहले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष Dharamlal Kaushik मॉर्निंग वॉक के दौरान मोबाइल लूट का शिकार हुए थे। हालांकि उस मामले में पुलिस ने आठ घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button