
रायपुर, 26 मई 2026। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शातिर ठगों ने भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा को ही निशाना बना लिया। आरोपी ने खुद को भाजपा के एक बड़े नेता का निजी सहायक (PA) बताकर फोन किया और डीजल भरवाने के नाम पर तत्काल पैसों की जरूरत बताई। भरोसे में लेकर ठगों ने 10 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए। मामले में खम्हारडीह थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, विधायक पुरंदर मिश्रा के पास एक फोन कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को भाजपा के वरिष्ठ नेता का PA बताते हुए कहा कि गाड़ी में डीजल भरवाना है और तुरंत पैसों की जरूरत है। बातचीत के दौरान आरोपी ने भरोसा जीतते हुए दो अलग-अलग बार में रकम भेजने की मांग की।
बताया जा रहा है कि विधायक ने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के जरिए आरोपी के बताए खाते में कुल 10 हजार रुपए ट्रांसफर करवा दिए। बाद में जब संबंधित नेता और उनके स्टाफ से बातचीत हुई, तब ठगी का खुलासा हुआ। इसके बाद सेवक नारायण मिश्रा ने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर मोबाइल नंबर और बैंक खाते की जानकारी के आधार पर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है।
एक हफ्ते पहले भाजपा नेता से हुई थी लूट
गौरतलब है कि इससे पहले राजधानी रायपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक भी अपराधियों का शिकार हो चुके हैं। देवेंद्र नगर इलाके में मॉर्निंग वॉक के दौरान बदमाश उनका आईफोन लूटकर फरार हो गए थे। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब आठ घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।



