बिलासपुर पुलिस ने अनोखा उदाहरण पेश किया, पुलिस कप्तान की गाड़ी का रेड सिग्नल जम्प करने पर काटा 2000 रुपये का चालान, कप्तान ने नागरिक जिम्मेदारी निभाते हुए ऑनलाइन भुगतान किया

बिलासपुर: सोमवार को बिलासपुर पुलिस ने एक अनोखा उदाहरण पेश किया, जब पुलिस कप्तान रजनेश सिंह की गाड़ी पर भी रेड सिग्नल जम्प करने के आरोप में चालान काटा गया। यह घटना रविवार दोपहर की है, जब पुलिस कप्तान रजनेश सिंह और जिलाधीश अवनीश शरण एक साथ किसी कार्यक्रम के लिए रवाना हुए थे।

कलेक्टर की गाड़ी तो सिग्नल पार करने में सफल रही, लेकिन पुलिस कप्तान की गाड़ी कलेक्टर की गाड़ी का पीछा करते हुए रेड सिग्नल पार कर गई। इस पूरी घटना को आईटीएमएस कैमरे ने रिकॉर्ड कर लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कप्तान को सूचित किया कि उनके द्वारा ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया गया है।
हालांकि, पुलिस कप्तान ने बताया कि वह उस समय अपनी गाड़ी में नहीं थे और उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं थी। फिर भी, उन्होंने नागरिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए तुरंत ऑनलाइन 2000 रुपये का चालान भरा और यातायात थाने से रसीद प्राप्त की।
कप्तान रजनेश सिंह ने इस घटना से यह संदेश दिया कि नियमों का पालन हर किसी के लिए जरूरी है, चाहे वह आम नागरिक हो या विशेष व्यक्ति। उन्होंने कहा, “ऊपर वाला सब देख रहा है, और इसलिए सभी को ट्रैफिक नियमों का पालन करना होगा।”
बिलासपुर पुलिस ने यह साबित कर दिया कि कानून सभी के लिए समान है, और यह कदम भविष्य में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने में सहायक होगा।



