बिलासपुर को मिला नया पहचान: कोनी स्थित मल्टी स्पेशिलिटी हॉस्पिटल का नाम अब दिलीप सिंह जूदेव के नाम पर, सीएम विष्णुदेव साय ने दी हरी झंडी

बिलासपुर, 13 मार्च 2025 कोनी स्थित नवनिर्मित मल्टी स्पेशिलिटी हॉस्पिटल अब पूर्व केंद्रीय मंत्री और बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप सिंह जूदेव के नाम से जाना जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की मांग पर इस अस्पताल का नामकरण दिलीप सिंह जूदेव के नाम पर करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री के अनुमोदन के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने इसका आदेश जारी कर दिया है।
दिलीप सिंह जूदेव का योगदान
पूर्व केंद्रीय मंत्री दिलीप सिंह जूदेव न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश में अपनी लोकप्रियता और जनाधार के लिए जाने जाते थे। उन्होंने ‘ऑपरेशन घर वापसी’ अभियान चलाकर धर्मांतरण के खिलाफ बड़ा आंदोलन खड़ा किया था। अविभाजित मध्यप्रदेश से लेकर छत्तीसगढ़ बनने के बाद तक वे भाजपा के प्रमुख नेताओं में गिने जाते रहे। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद उन्होंने तत्कालीन कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वे जांजगीर और बिलासपुर लोकसभा सीट से सांसद रहने के अलावा राज्यसभा के सदस्य भी रहे।
विधायक सुशांत शुक्ला ने की थी मांग
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर कोनी स्थित नवनिर्मित मल्टी स्पेशिलिटी हॉस्पिटल का नाम दिलीप सिंह जूदेव के नाम पर रखने की मांग की थी। 7 मार्च 2024 को लिखे अपने पत्र में उन्होंने कहा था कि स्व. दिलीप सिंह जूदेव ने छत्तीसगढ़ के विकास और राजनीतिक उत्थान में अहम योगदान दिया है। उन्होंने प्रदेश की सांस्कृतिक और गौरवशाली राजनीतिक यात्रा का कुशल नेतृत्व कर इसे एक अलग पहचान दी है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस मांग को स्वीकार करते हुए अस्पताल के नामकरण का फैसला लिया, जिसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी।