छत्तीसगढ़बिलासपुर

CMO लिखी स्कोडा से कुचली गई बाइक: 2 महिलाओं की मौत, नगर पालिका परिसर में मिली डैमेज कार

बिलासपुर, 01 अगस्त 2026। बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में शामिल स्कोडा कार पर ‘CMO’ लिखा हुआ था। घटनास्थल से पुलिस को टूटी हुई ‘CMO’ लिखी नंबर प्लेट मिली है, जिसके आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तखतपुर नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) अमरेश सिंह एक साथी के साथ मुंगेली कांग्रेस जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा के जन्मदिन समारोह से लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे मुंगेली-पथरिया मोड़ के पास स्कोडा कार की सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए।

बाइक पर भुनेश्वर साहू (32), किरण बांसोड़ (36) और हेमलता साहू (39) सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने से किरण बांसोड़ और हेमलता साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल भुनेश्वर साहू को इलाज के लिए बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया है।

घटनास्थल से बरामद ‘CMO’ लिखी नंबर प्लेट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, हादसे में क्षतिग्रस्त स्कोडा कार तखतपुर नगर पालिका परिसर में खड़ी मिली है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह पुष्टि नहीं की है कि हादसे के समय कार कौन चला रहा था।

जरहागांव पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button