छत्तीसगढ़

पंडरिया में शिक्षा की बड़ी पहल: भावना बोहरा की ‘साइंस पाठशाला’ से सरकारी स्कूलों के बच्चे उड़ाएंगे ड्रोन, सीखेंगे AI और रोबोटिक्स

पंडरिया, 11 जुलाई 2026

बदलते समय के साथ शिक्षा का स्वरूप भी तेजी से बदल रहा है। भविष्य की चुनौतियों और अवसरों को ध्यान में रखते हुए पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा पंडरिया विधानसभा अंतर्गत समस्त शासकीय उच्चतर विद्यालय, उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों एवं सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों के विद्यार्थियों को आधुनिक एवं तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए जल्द ही “भावना दीदी की साइंस पाठशाला” मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब का शुभारंभ किया जाएगा।

यह अत्याधुनिक मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक आधुनिक तकनीकी शिक्षा पहुंचाने का माध्यम बनेगी। बस आधारित इस मोबाइल लैब में 5 अनुभवी प्रशिक्षकों की टीम विद्यालय परिसरों में 3 से 5 दिनों की कार्यशाला आयोजित करेगी, जिसमें विद्यार्थियों को बेसिक से एडवांस टेक्नोलॉजी तक का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

हर साल 5000 से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

इस अभिनव पहल के माध्यम से प्रति वर्ष 5000 से अधिक छात्र-छात्राओं को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। मोबाइल लैब पंडरिया विधानसभा के विभिन्न शासकीय विद्यालयों तक पहुंचेगी और उच्चतर विद्यालय एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को भविष्य की आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेगी। प्रथम चरण में कक्षा 10वीं से 12वीं के विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

AI, रोबोटिक्स, ड्रोन, 3D प्रिंटिंग और AR/VR का मिलेगा प्रशिक्षण

विधायक भावना बोहरा ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, ड्रोन एवं एयरोमॉडलिंग, 3D प्रिंटिंग, कोडिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), ऑगमेंटेड एवं वर्चुअल रियलिटी (AR/VR) जैसी आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण केवल सैद्धांतिक नहीं होगा, बल्कि विद्यार्थी स्वयं ड्रोन उड़ाएंगे, कोडिंग करेंगे, 3D मॉडल तैयार करेंगे, रोबोट संचालित करेंगे और आधुनिक डिजिटल तकनीकों का व्यवहारिक अनुभव भी प्राप्त करेंगे।

ग्रामीण और शहरी शिक्षा के बीच तकनीकी अंतर होगा कम

भावना बोहरा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी शिक्षा के बीच तकनीकी अंतर को कम करना, विद्यार्थियों को भविष्य की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना, शासकीय विद्यालयों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराना तथा उनमें वैज्ञानिक सोच, नवाचार, रचनात्मकता और आधुनिक कौशल का विकास करना है। 5 अनुभवी प्रशिक्षकों और विशेषज्ञों की टीम विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीक आधारित शिक्षा और करियर के लिए तैयार करेगी।

गांव के बच्चों में भी है अपार प्रतिभा

भावना बोहरा ने कहा कि आज का समय ज्ञान, विज्ञान और तकनीक का युग है। यदि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक शिक्षा और नई तकनीकों से जोड़ा जाए तो वे भी देश और दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी शहर या संसाधन की मोहताज नहीं होती। गांवों के बच्चों में भी अपार क्षमता है। जरूरत केवल उन्हें सही अवसर और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने की है। ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों से जोड़ना, उनमें आत्मविश्वास जगाना और उन्हें आने वाले समय की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।

पहले भी शुरू की हैं कई शैक्षणिक पहल

भावना बोहरा ने बताया कि पंडरिया विधानसभा की उन बेटियों के लिए, जो संसाधनों के अभाव में उच्च शिक्षा प्राप्त नहीं कर पाती थीं, 10 निःशुल्क बसों का संचालन शुरू किया गया है। इससे अब तक 1500 से अधिक छात्राएं लाभान्वित होकर महाविद्यालय तक आसानी से पहुंच रही हैं।

इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए ‘लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग’ की शुरुआत की गई है, जहां युवाओं को IIT-JEE, NEET और CGPSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग दी जा रही है।

जल्द शुरू होगी मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब

भावना बोहरा ने कहा कि ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब ग्रामीण शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का एक अभिनव प्रयास है। यह पहल विद्यार्थियों को विज्ञान, नवाचार और तकनीकी शिक्षा के नए आयामों से जोड़ते हुए उन्हें भविष्य के बेहतर अवसरों के लिए सक्षम बनाएगी।

उन्होंने कहा कि उनका संकल्प है कि पंडरिया विधानसभा का कोई भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी केवल संसाधनों के अभाव में पीछे न रह जाए। सरकारी विद्यालयों के बच्चों को भी समान अवसर मिलें। पूरी तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है और आगामी कुछ दिनों में इस मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब का शुभारंभ किया जाएगा।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button