छत्तीसगढ़

फर्जी GST क्रेडिट का बड़ा खेल! 17 करोड़ के ITC घोटाले में कारोबारी जयदीप सिंह चंदेल गिरफ्तार, 14 दिन की जेल

रायपुर, 10 जून 2026

सेंट्रल जीएसटी (CGGST) की टीम ने फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश के कारोबारी जयदीप सिंह चंदेल को गिरफ्तार किया है। आरोपी को रायपुर की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

विभागीय जांच के अनुसार, जयदीप सिंह चंदेल और उनकी कंपनी मेरिडियन स्टील्स एंड इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड पर फर्जी बिलों के जरिए करोड़ों रुपये का अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट लेने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद 28 नवंबर 2025 को कंपनी के विभिन्न ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड जब्त किए गए।

जांच में सामने आया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी ने कथित तौर पर फर्जी और अस्तित्वहीन फर्मों के बिलों के आधार पर करीब 15.14 करोड़ रुपये का अवैध ITC लिया। वहीं जीएसटी रिटर्न की जांच में 1.98 करोड़ रुपये के अतिरिक्त टैक्स लाभ का मामला भी सामने आया। इस प्रकार कुल 17.13 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी ITC लेने का आरोप लगाया गया है।

पूछताछ के दौरान जयदीप सिंह चंदेल का बयान भी दर्ज किया गया। दस्तावेजों के अनुसार उन्होंने DRC-03 के तहत 19.98 लाख रुपये जमा कराए हैं। CGGST अधिकारियों का दावा है कि जिन कंपनियों के माध्यम से टैक्स क्रेडिट लिया गया, उनमें से कई का जीएसटी पंजीकरण पहले ही रद्द किया जा चुका था।

विभाग इस पूरे मामले को फर्जी बिलिंग और कर चोरी के संगठित नेटवर्क से जोड़कर देख रहा है। फिलहाल जांच जारी है और एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button