
रायपुर, 25 मई 2026। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। दुबई से संचालित हो रहे ‘नसीब बुक’ ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े मामले में पुलिस ने फरार बुकी सोनू फतनानी के भाई राहुल फतनानी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को तिल्दा क्षेत्र से पकड़ा गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि राहुल फतनानी ऑनलाइन सट्टा कारोबार के करोड़ों रुपये के लेन-देन और हिसाब-किताब को संभालता था। क्राइम ब्रांच लंबे समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 9 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और करोड़ों के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि तिल्दा के वार्ड क्रमांक-5 में राहुल फतनानी का आलीशान बंगला निर्माणाधीन है। पुलिस को शक है कि सट्टे से कमाई गई रकम को संपत्तियों में निवेश किया गया था। मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके सटोरिए बब्बन लालवानी से भी आरोपी के संबंध बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक राहुल फतनानी पहले भी विवादों में रह चुका है। बताया जा रहा है कि सट्टे में भारी रकम हारने के बाद उसने कथित तौर पर आत्महत्या की कोशिश भी की थी, हालांकि समय रहते उसे बचा लिया गया था।
इधर, ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का मुख्य संचालक सोनू फतनानी अब भी फरार है। रायपुर पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। माना जा रहा है कि जांच में आने वाले दिनों में कई और बड़े नामों का खुलासा हो सकता है।



