छत्तीसगढ़

शराब और कोल घोटाले पर बड़ी कार्रवाई: EOW ने रायपुर, जांजगीर समेत बिहार-झारखंड में मारे छापे, करोड़ों की काली कमाई के दस्तावेज जब्त

रायपुर/जांजगीर, 22 सितंबर 2025। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने रविवार को शराब घोटाला और अवैध कोल लेवी वसूली घोटाले के मामले में बड़ी कार्रवाई की। मिली जानकारी के अनुसार EOW ने तीन राज्यों – छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड – में करीब सात ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।

शराब घोटाला: अवधेश यादव पर बड़ी कार्रवाई

सूत्रों के मुताबिक शराब घोटाले से जुड़े कारोबारी अवधेश यादव के रायपुरा स्थित देवनगरी सोसाइटी के मकान सहित उसके दो करीबियों के ठिकानों पर छापा मारा गया। इसके अलावा झारखंड में 2 और बिहार में 2 ठिकानों पर भी EOW की टीम ने कार्रवाई की।
अवधेश यादव, पूर्व मंत्री कवासी लखमा का करीबी माना जाता है। आरोप है कि कवासी लखमा के बेटे हरीश लखमा के इशारे पर बस्तर संभाग में शराब सिंडिकेट की अवैध सप्लाई की जाती थी।
पुख्ता सूत्रों का दावा है कि यादव हर महीने करीब 25 लाख रुपये कवासी लखमा तक पहुंचाता था और सिंडिकेट की शराब को दूसरे राज्यों तक सप्लाई करने का काम भी करता था।

EOW ने इस छापेमारी में घोटाले से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, संपत्ति संबंधी कागजात और नगद रकम जब्त की है। साथ ही कांकेर और कोंडागांव में यादव के दो सहयोगियों की तलाश जारी है, जो फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।

यह कार्रवाई EOW में दर्ज अपराध क्रमांक 04/2024 के तहत की गई। जब्त सामग्री का विश्लेषण जारी है और संदेहियों से पूछताछ भी की जा रही है।

कोल लेवी घोटाला: सौम्या चौरसिया के निज सहायक पर छापा

इसी कड़ी में EOW ने अवैध कोल लेवी वसूली घोटाले में भी दबिश दी। यह कार्रवाई जयचंद कोसले के रायपुर और जांजगीर-चांपा स्थित ठिकानों पर की गई।
जानकारी के अनुसार जयचंद कोसले, पूर्ववर्ती सरकार में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपसचिव रही सौम्या चौरसिया का निजी सहायक था और घोटाले में उसका अहम रोल रहा है। आरोप है कि उसने इस घोटाले से करीब 50 करोड़ रुपये की काली कमाई की।

छापेमारी में रायपुर के सेजबहार स्थित अविनाश ग्रीन सिटी में उसके घर और जांजगीर-चांपा के ठिकानों से दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और संपत्ति संबंधी कागजात जब्त किए गए। EOW टीम रायपुर में मिले आरोपी जयचंद कोसले से पूछताछ कर रही है और वैधानिक कार्रवाई आगे बढ़ा रही है।

जांच जारी

फिलहाल रायपुर स्थित ठिकानों पर दबिश समाप्त हो चुकी है, लेकिन बिहार और झारखंड में जारी तलाशी अभियान से टीमें अभी वापस नहीं लौटी हैं। दोनों घोटालों में बरामद दस्तावेजों का बारीकी से विश्लेषण किया जा रहा है और आगे और खुलासे होने की संभावना है।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button