छत्तीसगढ़
Trending

पांडातराई में विकास समीक्षा: भावना बोहरा ने लगाए अफसरों को फटकार, कहा—काम में लाएं तेजी, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

पंडरिया 12 जून 2026

पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने नगर पंचायत पांडातराई में चल रहे विकास कार्यों, अधोसंरचना निर्माण एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने और तय समय-सीमा में सभी परियोजनाओं को पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

बैठक में विधायक ने सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करने, बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने, प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में तेजी लाने तथा उप तहसील कार्यालय में समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही राशन कार्ड, भू-स्वामित्व कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन वितरण और भूमिहीन किसानों को मिलने वाली आर्थिक सहायता जैसी जनकल्याणकारी सेवाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश भी दिए।

भावना बोहरा ने कहा कि जनता की सुविधाओं का ध्यान रखना और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पांडातराई के विकास के लिए किए गए सभी वादों को पूरा करने के लिए वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और विकास कार्यों में पारदर्शिता सर्वोपरि रहेगी।

उन्होंने आगे बताया कि प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार बनने के बाद पांडातराई नगर पंचायत क्षेत्र में 20 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से कई पूर्ण हो चुके हैं और कई प्रगति पर हैं।

उन्होंने पांडातराई बायपास, फास्टरपुर मार्ग, पोंड़ी–पांडातराई–पंडरिया मार्ग (NH-130A) पर हाई लेवल पुल निर्माण, स्ट्रीट लाइट एवं हाई मास्ट लाइट, चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण, तालाबों का विकास, स्कूलों में सुविधाओं का विस्तार, सीसी रोड, नाली निर्माण, पेयजल एवं बिजली आपूर्ति सुधार तथा सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम और शेड निर्माण जैसे कार्यों को नगर के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

विधायक ने कहा कि “सुशासन और पारदर्शिता के साथ विकास कार्यों को गति देना सरकार की प्राथमिकता है” और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य किया जा रहा है, ताकि जनता को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता सोनी, सभी वार्ड पार्षद, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button