खेल

BCCI Big Decision : खिलाड़ियों की बढ़ती चोटों पर BCCI एक्टिव, VVS लक्ष्मण के साथ होगी अहम बैठक

नई दिल्ली, 08 अगस्त 2026। भारतीय क्रिकेट टीम में खिलाड़ियों के लगातार चोटिल होने के मामले ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की चिंता बढ़ा दी है। कई खिलाड़ी चोट से उबरने के बाद टीम में लौटे, लेकिन कुछ ही मैच खेलने के बाद दोबारा चोटिल हो गए। अब इस पूरे मामले को लेकर BCCI एक्शन में आ गया है।

BCCI सचिव देवजीत सैकिया रविवार को बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में क्रिकेट प्रमुख VVS लक्ष्मण से मुलाकात करेंगे। इस दौरान खिलाड़ियों के रिहैबिलिटेशन, चोट से उबरने की प्रक्रिया और उनकी फिटनेस को लेकर विस्तृत समीक्षा की जाएगी।

कई बड़े खिलाड़ी चोट के कारण बाहर

भारतीय टीम के कई अहम खिलाड़ी इस समय चोटों से जूझ रहे हैं। जसप्रीत बुमराह घुटने में सूजन के कारण श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर हैं। वहीं साई सुदर्शन के बाएं पैर के अंगूठे में चोट है। हर्षित राणा और नीतिश कुमार रेड्डी मांसपेशियों में खिंचाव से परेशान हैं, जबकि वॉशिंगटन सुंदर जांघ की मांसपेशियों की चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं।

तेज गेंदबाज आकाश दीप भी स्ट्रेस फ्रैक्चर के चलते लंबे समय से टीम से बाहर हैं। वह बंगाल की रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में हार के बाद से भारतीय टीम में वापसी नहीं कर सके हैं।

इसके अलावा हार्दिक पांड्या, वरुण चक्रवर्ती और प्रिंस यादव भी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी चोटों से उबरने के लिए रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। खिलाड़ियों की बढ़ती संख्या के कारण COE की खेल विज्ञान टीम पर भी काफी दबाव है।

2025 से विभाग के प्रमुख का पद खाली

BCCI के खेल विज्ञान विभाग में भी फिलहाल बड़ी चुनौती सामने है। 2025 की शुरुआत में नितिन पटेल के इस्तीफे के बाद से इस विभाग में कोई प्रमुख नहीं है। ऐसे में खिलाड़ियों की चोटों और उनके रिहैबिलिटेशन को लेकर बोर्ड की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

BCCI सूत्र के मुताबिक, देवजीत सैकिया और VVS लक्ष्मण के बीच होने वाली बैठक में खिलाड़ियों की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया जाएगा। यह भी स्पष्ट नहीं है कि भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर इस बैठक में ऑनलाइन शामिल होंगे या नहीं।

बुमराह और सुदर्शन की चोट ने बढ़ाई चिंता

चयन समिति को शुरुआत में उम्मीद थी कि जसप्रीत बुमराह और साई सुदर्शन श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों में से कम से कम एक में उपलब्ध रह सकते हैं। लेकिन बाद में दोनों की चोटों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद उनकी वापसी में देरी की संभावना सामने आई।

बुमराह के घुटने में चोट के बाद सूजन और पानी जमा होने की समस्या बताई गई है, जिसके कारण उन्हें पूरी तरह फिट होने में अपेक्षा से अधिक समय लग सकता है।

वहीं, हर्षित राणा के इंग्लैंड पहुंचने के दौरान उनके वजन को लेकर भी चयन समिति में नाराजगी की बात सामने आई है। अब BCCI के सामने सबसे बड़ी चुनौती सभी खिलाड़ियों को पूरी तरह फिट कर जल्द से जल्द मैदान पर वापस लाने की है।

खिलाड़ियों के लगातार चोटिल होने के बीच BCCI की यह बैठक इसलिए भी अहम मानी जा रही है, क्योंकि आने वाले मुकाबलों के लिए भारतीय टीम को अपने प्रमुख खिलाड़ियों की फिटनेस की सख्त जरूरत है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button