
बालोद, 18 सितंबर 2025 दल्लीराजहरा के गुप्ता चौक में दुर्गा पंडाल निर्माण के दौरान करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना रात करीब 3 बजे की है।
जानकारी के अनुसार, दिनभर लोगों की आवाजाही को देखते हुए गुप्ता चौक पर रात के समय 8 से 9 युवक दुर्गा पंडाल के निर्माण में लगे हुए थे। इसी दौरान ग्राम घोठिया निवासी 19 वर्षीय डेमन उर्फ डेविड रावटे, पिता अजित रावटे, एलटी लाइन के तार से संपर्क में आने के बाद नीचे गिर गया।
युवक को तुरंत शहीद हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर दल्लीराजहरा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुबह परिजनों को शव सौंपने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। मामले की छानबीन जारी है।



