छत्तीसगढ़

‘ग्रोथ इंजन’ पर अरुण साव का फोकस: PWD अफसरों को चेतावनी, तय समय में काम नहीं तो होगी कार्रवाई

रायपुर, 9 जुलाई 2026। उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने आज लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने नवा रायपुर स्थित विभागीय मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में प्रदेशभर में निर्माणाधीन और प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रत्येक कार्य की प्रगति पर बारीक नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने फील्ड पर जाकर निर्माण कार्यों का गहन निरीक्षण और मॉनिटरिंग करने को कहा। साथ ही ठेकेदारों से बेहतर समन्वय और संवाद बनाए रखते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल और प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी भी मौजूद रहे।

बैठक में अरुण साव ने अधिकारियों से कहा कि विभाग के अभियंताओं की दक्षता और क्षमता फील्ड पर दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने प्रभावी एवं परिणाममूलक कार्यों के लिए नई कार्यप्रणाली और नई कार्य संस्कृति अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी आवश्यक प्रक्रियाएं तेजी से पूरी कर सितम्बर-अक्टूबर तक नए कार्यों के कार्यादेश जारी करने के निर्देश दिए, ताकि बरसात के तुरंत बाद पूरी गति से निर्माण कार्य शुरू हो सकें। उन्होंने प्रशासकीय स्वीकृति के बाद सभी प्रक्रियाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा कर कार्य प्रारंभ कराने को कहा।

अरुण साव ने कहा कि लोक निर्माण विभाग राज्य का ‘ग्रोथ इंजन’ है। राज्य में सड़क, पुल-पुलिया, भवन निर्माण सहित सभी प्रकार की अधोसंरचना विकसित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी विभाग पर है। विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में विभाग की भूमिका बेहद अहम है, इसलिए सभी अधिकारियों को पूरी सक्रियता और गंभीरता से कार्य करना होगा। उन्होंने पुराने कार्य करने के ढर्रे को बदलने पर जोर देते हुए ठेकेदारों के बिल समय पर तैयार कर हर महीने भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि फील्ड पर विभाग के कार्य और उनके परिणाम स्पष्ट दिखाई देने चाहिए। सड़कों, पुल-पुलियों, स्कूलों, कॉलेजों, ऑडिटोरियम, कार्यालयों, आवासगृहों और अन्य भवनों का निर्माण निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाए। उन्होंने अनुबंध में तय माइलस्टोन्स के अनुसार कार्यों की प्रगति सुनिश्चित कर समय-सीमा में निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही भू-अर्जन के मामलों में तेजी लाने तथा संबंधित कानूनों और नियमों की जानकारी के लिए राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कार्यपालन अभियंताओं, अनुविभागीय अधिकारियों और उप अभियंताओं की कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

अरुण साव ने पहुंचविहीन गांवों तक वर्षभर सड़क संपर्क बनाए रखने के लिए सड़कों और पुलों के प्रस्ताव एवं प्राक्कलन प्राथमिकता से तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने पुराने लंबित कार्यों की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर निर्माण कार्य आगे बढ़ाने को कहा। साथ ही अनुबंध के अनुसार अपेक्षित प्रगति नहीं करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने और उनके अनुबंध समाप्त करने की कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और मंत्रियों द्वारा अनुशंसित कार्यों, द्रुतगामी सड़कों एवं पुलों, पहुंचविहीन गांवों के लिए पक्की सड़कों, जिलों की आवश्यकताओं तथा विधायकों द्वारा अनुशंसित कार्यों को प्राथमिकता देते हुए 31 अगस्त तक नए कार्यों के प्राक्कलन भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न शहरों में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का कार्य पूरा होते ही उन्हें संबंधित विभागों या नगरीय निकायों को तत्काल हैंडओवर करने को कहा। बैठक में अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, सभी मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता और कार्यपालन अभियंता भी उपस्थित रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button