खेल

अजिंक्य रहाणे का क्रिकेट को अलविदा: VIDEO में छलका दर्द, बोले—‘यही सही वक्त’; गाबा जीत से लिखी थी सुनहरी कहानी

स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। 38 वर्षीय रहाणे ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक वीडियो साझा करते हुए कहा कि अब उनके लिए जीवन के नए पड़ाव की ओर बढ़ने का सही समय आ गया है। हालांकि, वह घरेलू क्रिकेट और अन्य टी-20 लीग में खेलना जारी रख सकते हैं।

रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। अपने शांत स्वभाव, तकनीकी बल्लेबाजी और मुश्किल परिस्थितियों में टीम को संभालने की क्षमता के कारण उन्होंने भारतीय क्रिकेट में खास पहचान बनाई।

2020-21 ऑस्ट्रेलिया दौरा बना करियर का सबसे सुनहरा अध्याय

रहाणे के करियर का सबसे यादगार पल 2020-21 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर आया। एडिलेड टेस्ट में भारत के 36 रन पर ऑलआउट होने और विराट कोहली के स्वदेश लौटने के बाद उन्होंने टीम की कप्तानी संभाली। इसके बाद मेलबर्न टेस्ट में शानदार शतक लगाकर भारत को जीत दिलाई और सीरीज 1-1 से बराबर कराई।

उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर ऑस्ट्रेलिया को हराकर 2-1 से ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज अपने नाम की। इस जीत के साथ भारत ने गाबा में ऑस्ट्रेलिया का 32 साल पुराना अजेय रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।

2011 में किया था इंटरनेशनल डेब्यू

अजिंक्य रहाणे ने साल 2011 में इंग्लैंड दौरे पर वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 22 मार्च 2013 को दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला मुकाबला खेला।

उनका आखिरी टेस्ट मैच जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला गया था। वहीं, आखिरी वनडे 2018 में दक्षिण अफ्रीका और आखिरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था।

कप्तान के रूप में भी रहे सफल

रहाणे ने तीनों फॉर्मेट में भारतीय टीम की कप्तानी की।

  • टेस्ट: 6 मैच, 4 जीत, 2 ड्रॉ
  • वनडे: 3 मैच, 3 जीत
  • टी-20: 2 मैच, 1 जीत, 1 हार

उनकी कप्तानी का रिकॉर्ड भारतीय क्रिकेट के सफल अंतरिम कप्तानों में गिना जाता है।

IPL में भी छोड़ी खास छाप

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अलावा रहाणे का IPL करियर भी शानदार रहा। उन्होंने मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स, राइजिंग पुणे सुपरजायंट, दिल्ली कैपिटल्स, चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व किया। IPL में उन्होंने 212 मैचों में 5,367 रन बनाए, जिसमें 2 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। पिछले सीजन वह कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी भी कर चुके हैं।

BCCI ने दी शुभकामनाएं

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने रहाणे के संन्यास पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान और यादगार उपलब्धियों को हमेशा याद रखा जाएगा। बोर्ड ने उनके जीवन के नए अध्याय के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button