छत्तीसगढ़

रायगढ़ में AC कंप्रेसर ब्लास्ट से हड़कंप: पिता की गई जान, बेटा झुलसा, आग में दो मोटरसाइकिलें राख

रायगढ़, 25 जून 2026। जिले की आईटीआई कॉलोनी में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में लगे विंडो एसी के कंप्रेसर में हुए जोरदार विस्फोट से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में आईटीआई कॉलोनी निवासी पुरुषोत्तम पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनका बेटा राजवीर पटेल गंभीर रूप से झुलस गया। घायल राजवीर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विंडो एसी के कंप्रेसर में अचानक तेज धमाका हुआ, जिसके बाद घर में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि एसी के सामने खड़ी दो मोटरसाइकिलें भी उसकी चपेट में आ गईं और पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि विस्फोट की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया

सूचना मिलते ही चक्रधरनगर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह एसी कंप्रेसर में तकनीकी खराबी मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

हादसे में एक व्यक्ति की मौत और एक के घायल होने से आईटीआई कॉलोनी में शोक का माहौल है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button