
रायपुर, 1 नवंबर। महादेव ऐप के अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी सिंडिकेट के खिलाफ जांच में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को बड़ी सफलता मिली है। सिंडिकेट के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत प्रत्यर्पित करा लिया गया है। CBI की विशेष टीम अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियों के साथ समन्वय कर उसे भारत लेकर पहुंची है।
भारत लाए जाने के बाद अब सौरभ चंद्राकर को रायपुर स्थित CBI की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। CBI के अनुसार, सौरभ चंद्राकर दो अलग-अलग मामलों में वांछित था। इन दोनों मामलों में जांच एजेंसी पहले ही आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल कर चुकी है।
इसके अलावा प्रवर्तन निदेशालय (ED) के एक मामले में भी सौरभ चंद्राकर की तलाश थी। इस मामले में भी ED की ओर से अभियोजन शिकायत दाखिल की जा चुकी है।
सौरभ चंद्राकर की भारत वापसी को महादेव ऐप से जुड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क की जांच में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। अब रायपुर की विशेष अदालत में पेशी के बाद उससे पूछताछ और आगे की कानूनी प्रक्रिया को लेकर कार्रवाई की जाएगी।



