छत्तीसगढ़-ओडिशा के महानदी विवाद पर बैठक आज: अमित शाह करेंगे अध्यक्षता, CM साय बोले- दोनों प्रदेश मानेंगे निर्णय

रायपुर, 01अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिल्ली रवाना हुए हैं। दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल विवाद को लेकर अहम बैठक होगी। बैठक में दोनों राज्यों के हितों और जल बंटवारे से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
दोनों सरकारें मानेंगी फैसला- CM साय
दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महानदी जल विवाद को लेकर कहा कि इस मामले में केंद्रीय जल आयोग (CWC) को पत्र लिखा गया है। उन्होंने कहा कि दोनों प्रदेशों के हित में जो भी निर्णय होगा, छत्तीसगढ़ और ओडिशा दोनों सरकारें उसे मानेंगी।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, बैठक में महानदी के जल बंटवारे और दोनों राज्यों से जुड़े हितों को लेकर चर्चा होगी। लंबे समय से चले आ रहे इस विवाद के समाधान के लिए केंद्र की भूमिका अहम मानी जा रही है।
सिंगापुर दौरे को लेकर भी बोले CM साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने प्रस्तावित सिंगापुर दौरे को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह दौरा छत्तीसगढ़ की विकास उपलब्धियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
सीएम साय ने बताया कि सिंगापुर में वे निवेशकों और व्यापारियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं को लेकर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सिंगापुर दौरे से कौशल विकास, तकनीक और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री का फोकस प्रदेश में निवेश आकर्षित करने और छत्तीसगढ़ की संभावनाओं को वैश्विक स्तर पर सामने रखने पर रहेगा।



