महानदी जल विवाद पर बड़ा अपडेट : 1 अक्टूबर को अमित शाह की अध्यक्षता में साय-माझी की हो सकती है अहम बैठक

रायपुर, 29 सितम्बर 2026
महानदी जल विवाद के समाधान को लेकर छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच बातचीत अब अहम दौर में पहुंचती नजर आ रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में 1 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ उच्चस्तरीय बैठक होने की संभावना है।
इस संबंध में जानकारी ओडिशा के महाधिवक्ता पितांबर आचार्य ने दी है। वहीं, ओडिशा विधानसभा का मौजूदा सत्र समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के रायपुर आने और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात करने की भी संभावना जताई गई है।
भुवनेश्वर में सीएम साय ने माझी से की थी मुलाकात
इससे पहले 20 सितंबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भुवनेश्वर में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से मुलाकात की थी। दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ और ओडिशा के आपसी सहयोग, विकास, जनकल्याण और दोनों राज्यों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई थी।
महानदी जल विवाद को लेकर सीएम साय ने कहा था कि लंबे समय से चले आ रहे इस विषय के समाधान की दिशा में अब सकारात्मक वातावरण बना है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा दोनों राज्यों में भाजपा की सरकार है, जबकि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार है। केंद्र सरकार के सहयोग और दोनों राज्यों की सकारात्मक पहल से महानदी जल विवाद के समाधान की दिशा में आगे बढ़ने की उम्मीद है।



