छत्तीसगढ़बिलासपुर
Trending

गाय पर टिप्पणी को लेकर बिलासपुर में हंगामा : शिकायत के दौरान थाना परिसर में पथराव, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया

बिलासपुर, 29 अगस्त 2026। गाय को लेकर इंटरनेट मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार शाम बिलासपुर के कोतवाली थाना परिसर में जमकर हंगामा हो गया। सोशल मीडिया अकाउंट से की गई टिप्पणी की शिकायत करने पहुंचे लोगों के बीच अचानक विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों की ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे।

जानकारी के अनुसार, हिंदू संगठन से जुड़े लोग शुक्रवार शाम कोतवाली थाने पहुंचे थे। उनका आरोप था कि सोहेल खान के नाम से संचालित सोशल मीडिया अकाउंट से गाय को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। इसी दौरान भीड़ के बीच अचानक किसी ने पत्थर फेंक दिया। इसके बाद दूसरे पक्ष की ओर से भी पथराव शुरू हो गया।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और थाना परिसर में दोनों पक्षों के बीच पथराव होने लगा। अचानक हुए घटनाक्रम से पुलिसकर्मियों के बीच भी अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया

स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही शहर के अन्य थानों से अतिरिक्त पुलिस बल को कोतवाली थाना बुलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।

पुलिस ने पहले दोनों पक्षों को समझाने और भीड़ को पीछे हटाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति नियंत्रित नहीं होने पर आंसू गैस के गोले छोड़े गए। इसके साथ ही हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया गया।

सीसीटीवी फुटेज से उपद्रवियों की पहचान

घटना के बाद कोतवाली थाना और आसपास के इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई। देर रात तक क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।

पुलिस अब सोशल मीडिया पर की गई कथित टिप्पणी की भी जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि टिप्पणी किसने की और उसका उद्देश्य क्या था।

वहीं, थाना परिसर में पथराव और उपद्रव करने वालों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और पूरे मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button