अंतराष्ट्रीय
Trending

नेपाल में बाढ़ से तबाही के बाद नया खतरा: चीन ने बैरियर झील को लेकर चेताया, अगले 3 दिन में 30 लाख घन मीटर पानी बढ़ेगा

नई दिल्ली, 27 अगस्त 2026

नेपाल में 26 अगस्त को आई भीषण फ्लैश फ्लड के बाद हालात अभी सामान्य नहीं हुए हैं। चीन ने चेतावनी दी है कि अगले तीन दिनों में खतरा और बढ़ सकता है। चीन के जल संसाधन मंत्रालय के मुताबिक, नेपाल में छोछेन खोला और पुरेपू त्सांगपो नदियों के संगम के पास एक बड़ी बैरियर झील बन गई है। गुरुवार सुबह तक इसमें करीब 20 लाख घन मीटर पानी जमा होने का अनुमान है और झील ओवरफ्लो हो रही है।

अगले तीन दिनों में करीब 30 लाख घन मीटर अतिरिक्त पानी आने की आशंका है। इससे झील के टूटने का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में नेपाल के सीमावर्ती और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए स्थिति गंभीर बनी हुई है।

जयशंकर ने की हालात की समीक्षा

नेपाल में बाढ़ की भयावह स्थिति को देखते हुए विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने विदेश सचिव, विदेश मंत्रालय की टीम और काठमांडू तथा बीजिंग में भारत के राजदूतों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद भारतीय नागरिकों की सुरक्षा, राहत और बचाव अभियान पर चर्चा हुई।

जयशंकर ने बताया कि विदेश मंत्रालय विभिन्न मंत्रालयों, राज्य सरकारों, टूर ऑपरेटरों और परियोजनाओं से जुड़े अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय कर रहा है। भारत नेपाल सरकार और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में रहकर राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग कर रहा है।

हिमस्खलन के बाद आई अचानक बाढ़

26 अगस्त को नेपाल में आई फ्लैश फ्लड की वजह भोटेकोसी नदी की सहायक नदी ल्हेन्डे का प्रवाह हिमस्खलन के कारण रुकना बताया गया है। इसके बाद अचानक पानी का दबाव बढ़ा और नेपाल-चीन सीमा के पास रसुवागढ़ी क्षेत्र का तिमुरे गांव प्रभावित हुआ।

खास बात यह रही कि इलाके में बारिश नहीं हो रही थी, इसलिए स्थानीय लोगों को अचानक आई इस आपदा का अंदाजा नहीं था। लोग रोजमर्रा के काम में जुटे थे, तभी तेज पानी ने इलाके में तबाही मचा दी।

भारत ने भेजी 37.5 टन राहत सामग्री

भारत ने नेपाल में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए मदद बढ़ा दी है। बुधवार को 10 टन मानवीय सहायता भेजने के बाद गुरुवार को 37.5 टन राहत सामग्री की दूसरी खेप रवाना की गई। इसमें बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित लोगों के लिए जरूरी सामान शामिल है।

भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने पहली खेप नेपाल के संस्कृति, पर्यटन और नागरिक उड्डयन मंत्री खड़क राज पौडेल को सौंपी थी।

मध्य प्रदेश के लोगों के लिए कंट्रोल रूम

नेपाल में फंसे मध्य प्रदेश के नागरिकों की मदद के लिए राज्य सरकार ने नई दिल्ली में कंट्रोल रूम बनाया है। नेपाल में मौजूद नागरिक या उनके परिजन सहायता और जानकारी के लिए इन माध्यमों पर संपर्क कर सकते हैं:

हेल्पलाइन: 011-26772005
WhatsApp: 9818963273
ईमेल: recp1mpbhawan@mp.gov.in

नेपाल में बाढ़ का खतरा फिलहाल टला नहीं है। चीन के अलर्ट के बाद अगले तीन दिन बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं और प्रभावित इलाकों में राहत-बचाव एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button