अपराधछत्तीसगढ़
Trending

सरगुजा में बेटे ने मां-बाप को कुल्हाड़ी से काटा : शव बोरे में बांधे, बदबू रोकने गोबर से कमरे की लिपाई की

सरगुजा, 21 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ग्राम सपड़ा के परसापारा में एक युवक ने कथित तौर पर अपने माता-पिता की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी और दोनों के शवों को बोरे में बांधकर कमरे में छिपा दिया। वारदात के बाद आरोपी घर बंद कर फरार हो गया था। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी बेटे जदू यादव (34) को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान हीराधर यादव (55) और उनकी पत्नी गुलाबी यादव (50) के रूप में हुई है। दोनों अपने बड़े बेटे जदू के साथ पुराने घर में रहते थे। जदू खेती-किसानी करता था और उसकी शादी नहीं हुई थी। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इस बात से नाराज रहता था कि उसके माता-पिता उसकी शादी पर ध्यान नहीं देते थे और छोटे बेटे को अधिक महत्व देते थे।

घर के दरवाजे बाहर से बंद मिले

17 अगस्त की सुबह मृतक दंपती का छोटा बेटा मोहन दूध लेने पुराने घर पहुंचा। वहां घर के दोनों दरवाजे बाहर से बंद मिले। उसने घर में काम करने वाले सुकृत नागेश के साथ माता-पिता और बड़े भाई की आसपास तथा खेतों में तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

इसके बाद मोहन ने घर की कुंडी खोली और अंदर तलाश शुरू की। एक कमरे पर ताला लगा हुआ था। ताला तोड़कर कमरा खोला गया तो वहां दोनों के शव बोरियों में बंद मिले। इसके बाद मोहन ने पुलिस को सूचना दी।

कमरे में खून के निशान, गोबर से की गई थी लिपाई

सूचना मिलते ही धौरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जिस कमरे में शव मिले, वहां ताजा गोबर से लिपाई की गई थी। दीवार पर खून के छींटे भी मिले। पुलिस को शक हुआ कि हत्या के बाद खून और बदबू के निशान छिपाने की कोशिश की गई है।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना के बाद से जदू घर पर नहीं था और उसका मोबाइल फोन भी बंद था। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और उसे घटना के चार दिन बाद गिरफ्तार कर लिया।

सब्जी को लेकर हुआ विवाद

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि 17 अगस्त की रात घर में सब्जी नहीं बनी थी। उसके माता-पिता छोटे बेटे के घर से सब्जी लेकर आए थे। इसी बात को लेकर जदू का उनसे विवाद हो गया।

पुलिस के अनुसार, विवाद के बाद माता-पिता के सो जाने पर जदू ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से दोनों के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी ने शवों को बोरे में बांधा, कमरे में फैले खून को साफ किया और बदबू बाहर न फैले, इसके लिए कमरे में गोबर से लिपाई कर दी। इसके बाद वह घर बंद कर फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) और 238 बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से आगे की कार्रवाई की गई।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button