18 दिन की हड़ताल के बाद छत्तीसगढ़ में 16,000 NHM कर्मचारियों ने दिया सामूहिक इस्तीफा, 25 बर्खास्त

रायपुर, 04 सितंबर 2025 राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों का छत्तीसगढ़ में आंदोलन और तेज हो गया है। करीब 16,000 कर्मचारियों ने 18 दिन से चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल के बाद सामूहिक इस्तीफा सौंप दिया है।
जिला NHM यूनियन के संगठन सचिव अमन दास ने इस्तीफों की पुष्टि की है, हालांकि सीएमएचओ डॉ. मिथिलेश चौधरी ने स्पष्ट किया कि स्मरण पत्र प्राप्त जरूर हुए हैं लेकिन अभी तक उन्हें स्वीकृत नहीं किया गया है।
सिर्फ दुर्ग जिले में ही करीब 850 NHM कर्मचारियों ने इस्तीफा सौंपा। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुधवार को 25 कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया, जिनमें राज्य NHM कर्मचारी संघ के संरक्षक हेमंत सिन्हा और महामंत्री कौशलेश तिवारी भी शामिल हैं।
हड़ताली कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन उनकी मांगों पर संवाद करने के बजाय आंदोलन दबाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा, “प्रशासन ने चर्चा के दरवाजे बंद कर दिए हैं, अब हमारे पास आंदोलन जारी रखने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।”
पिछले दो हफ्तों से NHM कर्मचारी अनोखे प्रदर्शन कर रहे हैं — कभी प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के मुखौटे पहनकर नृत्य किया, तो कभी अपने खून से पत्र लिखकर अपनी मांगें रखीं।



