बीजापुर के तुमनार अस्पताल को एनक्यूएएस प्रमाणन : गुणवत्ता स्वास्थ्य सेवाओं में हासिल किए 96.4% अंक, स्वास्थ्य मंत्री बोले – यह समर्पित स्वास्थ्य कर्मियों की मेहनत का नतीजा

रायपुर, 04 जुलाई 2025। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के सुदूर आदिवासी अंचल में स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, तुमनार ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 96.4 प्रतिशत अंक अर्जित किए हैं। इस उपलब्धि के साथ यह अस्पताल प्रदेश के अग्रणी स्वास्थ्य केंद्रों की सूची में शामिल हो गया है।
एनक्यूएएस मूल्यांकन के दौरान राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य केंद्र की बुनियादी संरचना, सेवाओं की गुणवत्ता, रिकॉर्ड प्रबंधन, स्वच्छता और रोगी देखभाल जैसे पहलुओं की गहन जांच की गई। तुमनार अस्पताल ने निवारक, उपचारात्मक, पुनर्वास, प्रोत्साहनात्मक और आपातकालीन देखभाल के क्षेत्रों में शानदार प्रदर्शन कर यह सम्मान अर्जित किया।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस सफलता को पूरे बीजापुर जिले के लिए “गौरव का क्षण” बताया। उन्होंने कहा, “एनक्यूएएस प्रमाणन समर्पित स्वास्थ्य कर्मियों की मेहनत और जनसेवा के प्रति उनकी निष्ठा का परिणाम है। हमारा लक्ष्य राज्य के हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाना है, और तुमनार की यह उपलब्धि उस दिशा में बड़ा कदम है।”
तुमनार स्थित यह आयुष्मान केंद्र अब गैर-संचारी रोग, मानसिक स्वास्थ्य, नेत्र रोग, वृद्धावस्था देखभाल और आपातकालीन सेवाओं जैसी उन्नत सुविधाएं प्रदान कर रहा है, जो पहले केवल जिला अस्पतालों तक सीमित थीं। आयुष्मान भारत योजना के तहत यह अस्पताल समग्र और सुलभ प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल का उत्कृष्ट उदाहरण बन चुका है।
तुमनार की यह सफलता न सिर्फ बीजापुर जिले, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए प्रेरणादायक मिसाल बनकर उभरी है।



