19वें रोजगार मेले में 51 हजार युवाओं को मिली सरकारी नौकरी : PM मोदी बोले- देश की विकास यात्रा में निभाएंगे अहम भूमिका

नई दिल्ली, 23 मई 2026 । देशभर के युवाओं के लिए शनिवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। 19वें रोजगार मेले के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 51 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित किए। यह रोजगार मेला देश के 47 शहरों में आयोजित किया गया, जिसमें रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य विभाग, वित्तीय सेवा और उच्च शिक्षा समेत कई विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्तियां दी गईं।
प्रधानमंत्री मोदी ने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि ये युवा केवल अपने करियर की शुरुआत नहीं कर रहे, बल्कि विकसित भारत के निर्माण में अहम भागीदार बनने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज दुनिया भारत के युवाओं और देश की तकनीकी क्षमता को नए नजरिए से देख रही है। प्रधानमंत्री ने बताया कि इससे पहले आयोजित 18 रोजगार मेलों में करीब 12 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री ने युवाओं की मेहनत और परिवारों के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी हासिल करने के लिए वर्षों की तैयारी करनी पड़ती है और इस सफलता में माता-पिता व समाज की भी बड़ी भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि देश के 140 करोड़ लोग किसी न किसी रूप में युवाओं की सफलता के सहभागी हैं।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने हाल की विदेश यात्राओं का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया भारत की तकनीकी प्रगति और युवाओं की प्रतिभा को लेकर बेहद उत्साहित है। उन्होंने बताया कि नीदरलैंड्स के साथ सेमीकंडक्टर, जल प्रबंधन और कृषि पर चर्चा हुई, जबकि स्वीडन के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल इनोवेशन में सहयोग को लेकर बातचीत आगे बढ़ी। नॉर्वे और इटली के साथ ग्रीन टेक्नोलॉजी और समुद्री साझेदारी पर भी महत्वपूर्ण समझौते हुए हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले चार दशकों में वैश्विक विकास को दिशा देने वाले क्षेत्रों में भारत के युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने भरोसा जताया कि चयनित युवा देश को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
बता दें कि रोजगार मेले की शुरुआत 22 अक्टूबर 2022 को हुई थी। उस समय प्रधानमंत्री ने 2023 के अंत तक 10 लाख सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य रखा था। फरवरी 2024 में आयोजित 12वें रोजगार मेले में सबसे ज्यादा एक लाख नियुक्ति पत्र बांटे गए थे, जबकि 2025 में यह आंकड़ा 11 लाख के पार पहुंच गया था।



