छत्तीसगढ़

बिजली सब स्टेशन में करंट से ऑपरेटर की मौत: रातभर ड्यूटी के बाद सुबह कार्यालय में मिला शव, सुरक्षा उपकरण नहीं देने का आरोप

बिलासपुर, 31 अक्टूबर। तखतपुर क्षेत्र के ग्राम कुरेली स्थित बिजली सब स्टेशन में ड्यूटी के दौरान करंट की चपेट में आने से 32 वर्षीय ऑपरेटर की मौत हो गई। घटना के बाद बिजली विभाग और ठेका कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि जोखिम भरे काम के बावजूद कर्मचारी को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे।

रातभर ड्यूटी के बाद सुबह हुआ हादसे का खुलासा

जानकारी के मुताबिक, घटना हिर्री थाना क्षेत्र की है। ग्राम कुरेली निवासी अमन साहू (32 वर्ष) ठेका कंपनी के अंतर्गत बिजली सब स्टेशन में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि बीती रात वह सब स्टेशन में ड्यूटी कर रहा था। रातभर ड्यूटी के बाद सुबह जब दूसरा ऑपरेटर (रिलीवर) वहां पहुंचा, तो अमन कार्यालय में अचेत अवस्था में पड़ा मिला।

इसके बाद आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि ड्यूटी के दौरान वह करंट की चपेट में आ गया था। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

पुलिस जांच में जुटी, पंचनामा कार्रवाई जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसी की लापरवाही रही है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

सुरक्षा उपकरण नहीं देने का आरोप, विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल

इस घटना के बाद बिजली विभाग और संबंधित ठेका कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि बिजली जैसी जोखिम भरी व्यवस्था में काम करने वाले ऑपरेटर को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए निर्धारित मानकों का पालन किया गया था या नहीं, यह भी जांच का विषय है।

फिलहाल 32 वर्षीय अमन साहू की असमय मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। अब सभी की नजर जांच पर है, जिससे हादसे की असली वजह और जिम्मेदारों की भूमिका सामने आ सके।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button