छत्तीसगढ़ में सियासी हलचल तेज: CM साय की सभा, नड्डा-शिवराज का दौरा; सुधांशु त्रिवेदी भी आज पहुंचेंगे रायपुर

रायपुर, 30 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में आज राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहेंगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर और दुर्ग में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी भी छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। दूसरी ओर, कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता 1 नवंबर को दिल्ली में होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में शामिल होने के लिए रवाना होंगे। राजधानी रायपुर में भारतीय वायुसेना के सारंग हेलीकॉप्टर भी आसमान में उड़ान भरेंगे।
रायपुर और दुर्ग में कार्यक्रमों में शामिल होंगे CM साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर और दुर्ग में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। रायपुर स्थित कृषि महाविद्यालय के स्वामी विवेकानंद परिसर में सुबह 10:15 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त वितरण और पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री दुर्ग जिले के पुलगांव में आयोजित आमसभा और रैली में हिस्सा लेंगे।
जेपी नड्डा आज पहुंचेंगे रायपुर, दुर्ग में करेंगे जनसभा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा आज छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे। वे दोपहर करीब 1 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से सीधे मुख्यमंत्री निवास जाएंगे। इसके बाद दोपहर 3:15 बजे दुर्ग के लिए रवाना होंगे।
नड्डा दुर्ग के महेश कॉलोनी, पुलगांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम 4 बजे जेआरडी स्कूल मैदान में भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के जरिए भाजपा दुर्ग संभाग में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी कर रही है।
शिवराज सिंह चौहान शाम 7 बजे पहुंचेंगे रायपुर
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज शाम 7 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान वे 31 अक्टूबर को सुबह 10 बजे नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बायोटिक स्ट्रेस मैनेजमेंट के कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसके अलावा वे खेत बचाओ अभियान और पौधरोपण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। दोपहर 1:30 बजे नेताजी सुभाष स्टेडियम पहुंचेंगे। यहां से तेलीबांधा तक भाजपा की ओर से आयोजित पदयात्रा में शामिल होंगे।
सुधांशु त्रिवेदी आज करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी आज दोपहर 1 बजे रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर जाएंगे, जहां वे प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे।
कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी
चक्रवात अर्नब के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना के बीच बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायपुर, बिलासपुर, धमतरी, बलौदाबाजार-भाटापारा, बेमेतरा, रायगढ़, राजनांदगांव, कबीरधाम, कांकेर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बालोद, सारंगढ़-बिलाईगढ़, कोरिया और सूरजपुर जिलों में 29 अक्टूबर को स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए थे। ये आदेश संबंधित जिलों के शासकीय और अशासकीय विद्यालयों पर लागू थे।
आज रायपुर के आसमान में उड़ेंगे सारंग हेलीकॉप्टर
राजधानी रायपुर में आज भारतीय वायुसेना के सारंग हेलीकॉप्टर उड़ान भरते नजर आएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 12:20 बजे से 12:45 बजे के बीच हेलीकॉप्टर शहर के ऊपर से गुजरेंगे। शहरवासी अपने घरों की छतों से इस नजारे को देख सकेंगे।
भाजयुमो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भूपेंद्र नाग का आगमन
भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भूपेंद्र नाग आज छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए रायपुर एयरपोर्ट पर भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने विशेष तैयारी की है।
एयरपोर्ट से एकात्म परिसर तक बाइक रैली निकाली जाएगी। दोपहर 1:30 बजे प्रस्तावित इस रैली में बड़ी संख्या में भाजयुमो पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
तालाबों की सफाई के लिए नगर निगम को ज्ञापन देगा बजरंग दल
गौरा-गौरी त्योहार को देखते हुए बजरंग दल आज रायपुर नगर निगम में ज्ञापन सौंपेगा। संगठन के कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे नगर निगम पहुंचकर शहर के तालाबों की सफाई कराने की मांग करेंगे।
संगठन का कहना है कि त्योहार से पहले तालाबों की सफाई होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-पाठ के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
दिल्ली की रैली में शामिल होने रवाना होंगे सैकड़ों कांग्रेसी
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’, ‘लोकतंत्र बचाओ’ और ‘संविधान बचाओ’ अभियान के तहत राष्ट्रीय रैली आयोजित की जाएगी।
इसमें शामिल होने के लिए रायपुर ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अंतर्गत आने वाले 11 ब्लॉकों से सैकड़ों कार्यकर्ता 30 अक्टूबर को दिल्ली रवाना होंगे।
इस दल में जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे, पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, पूर्व विधायक अनीता शर्मा, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष गिरीश देवांगन, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंकज शर्मा और नारायण कुर्रे सहित कई नेता शामिल होंगे।
राजेंद्र पप्पू बंजारे ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली में एकजुट होकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए आवाज बुलंद करेंगे।
खराब मौसम के कारण रद्द हॉकी मैच आज होंगे
खराब मौसम और तेज हवाओं के कारण 29 अक्टूबर को प्रस्तावित हॉकी लीग के दो मुकाबले रद्द कर दिए गए थे। अब ये मैच 30 अक्टूबर को निर्धारित समय पर खेले जाएंगे।
पहला मुकाबला शाम 5 बजे संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच होगा। वहीं दूसरा मैच शाम 7 बजे चक्रधर चैम्पियन्स और बैलाडिला बुल्स के बीच खेला जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में लीग का फाइनल 1 नवंबर को होगा।
अंक तालिका में न्यायधानी नाइट्स 11 अंकों के साथ शीर्ष पर है और उसने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। मैनपाट टाइटन्स 8 अंकों के साथ दूसरे और चक्रधर चैम्पियन्स 7 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। बैलाडिला बुल्स 5 अंकों के साथ चौथे, जबकि राजधानी रॉयल्स सबसे निचले पायदान पर है।



