
भोपाल : गुरूवार, जुलाई 20, 2023। पिपलानी पुलिस ने वन विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर दो भाईयो से करीब साढ़े 12 लाख की रकम ठगने वाले आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार ग्राम उदोतपुरा जिला भिंड में रहने वाले 24 वर्षीय दिनेश सिंह जाटव पुत्र कृष्ण मुरारी जाटव ने शिकायती आवेदन देते हुए बताया था की पढ़ाई पूरी करने के बाद फिलहाल वह बेरोजगार है, और सरकारी नौकरी पाने के प्रयास कर रहा था। मार्च 2023 को वह वन विभाग में निकली वन रक्षक की भर्ती परीक्षा देने के लिये अपने दोस्त के साथ भोपाल आया था। यहां रेलवे स्टेशन पर परीक्षा केंद्र के बारे में पूछताछ करने के दौरान उसकी बातचीत आनंद नगर निवासी रवि सोनी से हुई थी। रवि सोने ने उसे झांसा देते हुए बताया कि अपने संबधो के चलते वह वन रक्षक की नौकरी पाने में उसकी मदद कर सकता है। आगे बात करने पर रवि ने दिनेश को परीक्षा देने के बाद दोबारा मिलने को कहा। परीक्षा देने के बाद दिनेश और उसका दोस्त रवि सोनी से मिले। रवि उन्हें अपने घर ले गया और कहा की वन रक्षक की नौकरी पाने के लिए प्रति व्यक्ति सात-सात लाख का खर्चा आयेगा। बातचीत के बाद दोनों वापस भिंड चले गए। अप्रैल महीने में दिनेश अपने छोटे भाई सतीश जाटव के साथ भोपाल आया और आनंद नगर स्थित रवि सोनी के घर पहुंच कर उससे दोनो भाईयो की वन रक्षक की नौकरी लगवाने की बात कही। रवि ने जब उन्हे नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया तब भाईयो ने 6 लाख रूपए उसे दे दिये। और बाद में 3 लाख 50 हजार की रकम ऑन लाइन उसके एकाउंट में ट्रांसफर कर दिए। पैसै मिलने पर रवि ने जल्द ही नौकरी लगवाने की बात कही। लेकिन तय समय के बाद भी काफी समय निकल जाने पर रवि सोनी ने दोनो भाईयो की नौकरी के बारे में न तो कोई जानकारी दी और न ही कोई बातचीत की। जब दिनेश ने उससे नौकरी को लेकर दबाव बनाना शुरु किया तब वो टाल-मटोल करने लगा। और फिर अपना फोन बदं कर उससे सर्पंक करना ही बंद कर दिया। परेशान होकर दिनेश सिंह जाटव ने पुलिस से शिकायत की थी। जिसकी जांच के बाद पुलिस ने चार सौ बीसी का मामला कायम कर आगे की कार्यवाही शुरु कर दी है।



