सस्ते सिलिंडर के वादों को कांग्रेस अध्यक्ष बैज ने बताया भाजपा का जुमला

रायपुर। प्रदेश में सस्ते गैस सिलिंडर को लेकर सियासत जारी है। शनिवार को प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक बैज ने सस्ता गैस सिलिंडर दामों को लेकर कहा कि ये भाजपा का चुनावी जुमला है। पूरे देश में घरेलू गैस सिलिंडर महंगा है और राज्य में सस्ता सिलिंडर देने का वादा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राजस्थान में 450 रुपये में सिलिंडर देने की बात कही है, अब तेलंगाना में 300 रुपये में सिलिंडर न देना पड़े। बैज ने तेलंगाना चुनाव के लिए रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा की। इसके पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इंटरनेट मीडिया एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा था कि राज्य में 450 रुपये में सिलिंडर देने वाले भाजपा की अगर यह मोदी की गारंटी है तो पूरे देश के लो5गों को सस्ता सिलिंडर देना चाहिए। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बैज ने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की घोषणाओं के बजट को लेकर कहा कि हर साल लगभग 10 प्रतिशत से ज्यादा बजट बढ़ता है। कांग्रेस ने सभी वादे पूरे किए हैं। आने वाले समय में नए वादे भी पूरे करेंगे। आमदनी बढ़ाने के लिए संसाधन भी बढ़ाएंगे। भाजपा द्वारा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ निर्वाचन आयोग में की गई शिकायत पर बैज ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा चुनाव हारते हुए स्वयं को देख रही है।



