
महापौर श्रीमती मालती राय ने निगम के विभिन्न भवनों पर सौर ऊर्जा
संयंत्र स्थापना संबंधी कार्यों का निरीक्षण कर दिए निर्देश
भोपाल। महापौर श्रीमती मालती राय ने चांदबड़ जोन कार्यालय, ईदगाह हिल्स फिल्टर प्लांट एवं विधानसभा फिल्टर प्लांट पर सौर ऊर्जा पेनल्स लगाने संबंधी कार्यों का निरीक्षण किया और सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना संबंधी सभी कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। महापौर श्रीमती राय ने विधानसभा के सामने स्थित फिल्टर प्लांट के रिक्त स्थानों पर भी अतिरिक्त रूप से सोलर पेनल्स लगाने की कार्यवाही शीघ्रता से करने के निर्देश दिए। इस दौरान महापौर श्रीमती राय ने विधानसभा जलशोधन संयंत्र का भी निरीक्षण किया और जल शुद्धिकरण प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की और शुद्धिकरण से पूर्व एवं शुद्धिकरण के बाद प्राप्त होने वाले जल का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त संदीप केरकेट्टा, महापौर परिषद के सदस्य राजेश हिंगोरानी सहित अन्य पार्षदगण व निगम अधिकारी मौजूद थे।
महापौर श्रीमती मालती राय ने निगम कार्यालयों/संयंत्रों में विद्युत की ऊर्जा के स्थान पर सौर ऊर्जा का उपयोग कर विद्युत व्यय पर होने वाले व्यय की बचत के दृष्टिगत स्थापित किए जा रहे सौर ऊर्जा पेनल्स के निरीक्षण के क्रम में चांदबड़ स्थित जोन क्र. 09 के कार्यालय के ऊपर लगाए जा रहे सोलर प्लांट्स का निरीक्षण किया और सोलर पेनल्स स्थापना के संबंध में निगम अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। महापौर श्रीमती राय ने सोलर पेनल्स लगाने के कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत महापौर श्रीमती राय ने वार्ड क्र. 10 के अंतर्गत ईदगाह हिल्स जलशोधन संयंत्र व वार्ड क्र. 13 के अंतर्गत अरेरा हिल्स विधानसभा के सामने स्थित निगम के जलशोधन संयंत्र में सोलर पेनल्स लगाने के कार्य का भी अवलोकन किया और सोलर पेनल लगाने एवं उससे ऊर्जा प्राप्त करने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की। महापौर श्रीमती राय ने विधानसभा जलशोधन संयंत्र के रिक्त स्थानों पर अतिरिक्त सोलर पेनल्स लगाने की योजना बनाने और उनका क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। महापौर श्रीमती राय ने सोलर ऊर्जा से संबंधित कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
महापौर श्रीमती राय ने विधानसभा जलशोधन संयंत्र में जलशोधन की प्रक्रिया का अवलोकन भी किया और अशुद्ध से शुद्ध जल प्राप्त करने की संपूर्ण प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की और अलग-अलग बीकर्स में जल के उपचार के पहले व बाद में प्राप्त होने वाले जल का अवलोकन भी किया और शहर में पानी की आपूर्ति और अधिक व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



