Chhattisgarh

CG में तापमान 47 डिग्री के करीब पहुंचा : आज राजधानी समेत 14 जिलों में लू का यलो अलर्ट; अब तक तीन की मौत

रायपुर। प्रदेश में आज भी कई इलाके लू की चपेट में रहेंगे। नौतपा के छठवें दिन यानी गुरुवार को प्रदेश में कई प्रमुख शहरों में हीट वेव का असर दिखा। गर्म हवा के थपेड़े दिनभर झुलसाते रहे। वहीं, रात को रात 8 बजे तक यही स्थिति रही। गुरुवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान 46.9 डिग्री मुंगेली में रिकॉर्ड किया गया।

तेज गर्मी और लू की वजह से प्रदेश में 3 लोगों की जान जा चुकी है। इस सीजन में 30 मई को  रायपुर बेहद गर्म रहा। दोपहर में तापमान रिकॉर्ड 46.8 डिग्री पर पहुंच गया। यह पिछले एक दशक का सबसे गर्म दिन रहा है। आज प्रदेश के 14 जिलों में लू का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 दिनों में प्रदेश में अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। इसके बाद 2 से 3 डिग्री तापमान में गिरावट होगी। मौसम विज्ञानी डॉ गायत्री वाणी कांचिभ ने बताया कि छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को कुछ जगहों पर लू चलने की संभावना है।

शाम और रात में तेज अंधड़ और बिजली चमकने की संभावना है।  रायपुर में आज दोपहर का तापमान 46 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है, वहीं रात में भी पारा 32 डिग्री के आसपास रहेगा।

गुरुवार को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां गर्म हवाओं के साथ हीट वेव जैसी स्थिति है। गर्मी का आलम यह है कि सुबह लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। वहीं, रात को भी तापमान 30 डिग्री तक गया, जिस वजह से बेचैनी और उमस हो रही है।

लू के हालात को देखते हुए कलेक्टर ने समर कैंप बंद कर स्कूली बच्चों को सुरक्षित उनके घर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, एसपी रजनेश सिंह ने भरी दोपहरी में चौक-चौराहों पर तैनात जवानों को छांव में बैठकर ड्यूटी करने को कहा है। इसके साथ ही सभी थानों में जवानों और फरियादियों के लिए प्याऊ घर खोलने के निर्देश दिए हैं।

रायपुर में गर्मी के चलते गुरुवार को ट्रैफिक पुलिस जवान भगीरथी कंवर ने दम तोड़ दिया। वह भनपुरी यातायात थाने में पोस्टेड था। वहीं, एक बुजुर्ग तीरथ राम साहू की मौत हो गई। वह  रायपुर के धरसींवा से पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा सुनने के लिए बुधवार को रायपुर आया था।

मौसम विभाग ने आज 14 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आज हीट वेव चलेगी और रात को भी तापमान ज्यादा रहेगा। आज मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, बिलासपुर,  कोरबा, मुंगेली, जांजगीर, सक्ती, राजनांदगांव, रायपुर, महासमुंद, दुर्ग और बेमेतरा जिले में एक-दो पॉकेट में हीट वेव की चेतावनी के साथ यलो अलर्ट जारी किया गया है।

बस्तर में भी उमस और गर्मी से लोग परेशान हैं। जगदलपुर में लो वॉल्टेज की समस्या होने लगी है। जिससे बार-बार बिजली गुल हो रही है। इधर, दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले का भी यही हाल है। चिलचिलाती धूप और गर्मी ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है।

बस्तर संभाग में गुरुवार को 42.9 डिग्री के साथ बीजापुर जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा। इसी के साथ दंतेवाड़ा और कांकेर में भी 42.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। नारायणपुर में 41.7 और बस्तर जिले का तापमान 40.7 डिग्री तक पहुंच गया। इन जिलों में रात में भी गर्मी ने बेहाल कर दिया है।

इस सीजन तेज गर्मी के कारण प्रदेश के प्रमुख बांधों के हालात भी ठीक नहीं है। बड़े और छोटे बांधों में जलस्तर लगातार नीचे जा रहा है। गंगरेल में वाटर लेवल डाउन होने से बीएसपी को पानी सप्लाई बंद कर दिया गया है। बीएसपी के अलावा  रायपुर, धमतरी, बीरगांव के लगभग 20 लाख लोगों तक पीने के पानी का संकट मंडराने लगा है।

यहां पर पिछले साल की तुलना में 22 फीसदी ज्यादा पानी खाली हो गया है। वहीं, दुधावा बांध में पिछले साल से 50 फीसदी पानी कम हो गया है। यही हाल तांदुला, मिनीमाता बांगो, सिकासेर, खारंग, सोंढूर, कोडार, मनियारी, केलो और अरपा भैंसाझार डैम का भी है।

1001518797 removebg preview
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button