National

चंद्रयान-3 ने चांद पर सफल लैंडिंग कर रचा इतिहास, राष्ट्रपति से लेकर राहुल गांधी ने दी बधाई

Chandrayaan-3: इसरो ने आज चांद पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग कराकर इतिहास रच दिया है। इस उपलब्धि के साथ ही पूरा देश इसरो को बधाई दे रहा है। सोशल मीडिया पर तो मानो बधाई संदेशों की बाढ़ ही गई है। हर भारतीय चंद्रयान-3 की सफलता पर गर्व अनुभव कर रहा है। पीएम मोदी ने दी बधाई और कहा कि ये पल विकसित भारत के शंखनाद का है। साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि हमने धरती पर संकल्प किया और चांद पर उसे साकार किया। भारत अब चंद्रमा पर है।

कांग्रेस ने कहा- कीर्तिमान स्थापित कर रहा है भारत
कांग्रेस पार्टी ने ट्वीट कर कहा कि चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 के सफलतापूर्वक उतरने पर इसरो सहित सभी देशवासियों को बधाई। भविष्य में अंतरिक्ष अनुसंधान की आवश्यकता को देखते हुए ही पंडित नेहरू ने इसरो की नींव रखी थी। यह उनकी दूरदर्शिता का ही परिणाम है कि आज भारत पूरे विश्व में अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

सीएम योगी ने इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई दी
चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफल सॉफ्ट लैंडिंग नए भारत की क्षमताओं और शक्ति का सशक्त प्रदर्शन है। प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन में इसरो के वैज्ञानिकों ने जो किया कोई नहीं कर सका। चंद्रमा का दक्षिणी ध्रुव अब तक दुनिया के लिए असंभव था, लेकिन हमारे दूरदर्शी वैज्ञानिकों ने इसे संभव बना दिया है। इस सफलता के लिए इसरो के सभी वैज्ञानिकों को बधाई और देश को शुभकामनाएं देता हूं।

राहुल गांधी ने इसरो की टीम को बधाई दी
राहुल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आज की अग्रणी उपलब्धि के लिए टीम इसरो को बधाई। चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान 3 की सॉफ्ट लैंडिंग हमारे वैज्ञानिकों की दशकों की जबरदस्त प्रतिभा और कड़ी मेहनत का परिणाम है। 1962 के बाद से, भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम नई ऊंचाइयों को छू रहा है और युवा सपने देखने वालों की पीढ़ियों को प्रेरित कर रहा है।

राघव चड्डा बोले- हम चाँद पर हैं!
राघव चड्डा ने चंद्रयान-3 की सफलता पर खुशी जाहिर की और ट्वीट कर कहा कि यह उपलब्धि इसरो की अदम्य भावना का प्रमाण है, उनकी प्रतिबद्धता और कड़ी मेहनत हर भारतीय का दिल गर्व से चौड़ा कर देती है।

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने दी बधाई
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने इसरो को उसके तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमारे पास लागत प्रभावी तरीकों से सफलता हासिल करने की क्षमता है।

इसरो के पूर्व प्रमुख के सिवन बोले- हम वास्तव में उत्साहित हैं
इसरो के पूर्व प्रमुख के सिवन ने इसरो के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि हम वास्तव में उत्साहित हैं। हम इस पल का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। मैं बहुत खुश हूं।

हरियाणा के सीएम बोले- अरे वाह, मजा आ गया!
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि अरे वाह, मजा आ गया! आज देखिए चंद्रमा हमारे और भी करीब आ गया है। ये बहुत खुशी की बात है। चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतरने के बाद चंद्रयान-3 चंद्रमा की सतह पर भारत की उपस्थिति को दर्शा रहा है। इस महान अवसर पर मैं इसरो और वैज्ञानिकों के प्रति आभार व्यक्त करता हूं क्योंकि उनके कौशल, साहस और प्रतिभा के कारण हमें यह उपलब्धि मिली है।

बाबा रामदेव ने भारत के वैज्ञानिकों के लिए कही ये बात
स्वामी रामदेव ने कहा कि आज बहुत ही गौरवशाली व ऐतिहासिक दिन है, आज स्वदेशी चंद्रयान-3 की सफलता से भारत विश्व की महाशक्तियों में सम्मिलित हो रहा है। भारत के वैज्ञानिकों का विज्ञान व तकनीकी में वर्चस्व, हमारी मेधाशक्ति व मस्तिष्क का लोहा पूरी दुनिया मान रही है, हमारा भारत ज्ञान विज्ञान के बल पर विश्वगुरु, विश्वशक्ति व विश्वविजेता बनेगा। सम्पूर्ण वैज्ञानिकों का पतंजलि परिवार की ओर से अभिनंदन

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button