पूर्व सीएम के क्षेत्र में चला बुलडोजर, धराशायी किए गए कई चखना सेंटर, अवैध निर्माण पर एक्शन

राजनांदगाव, 9 दिसंबर 2023|प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के साथ ही अवैध रूप से संचालित चखना दुकानों पर कार्यवाही का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को राजनांदगांव शहर में नगर निगम, राजस्व अमला और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान अवैध रूप से संचालित चखना सेंटरों के निर्माण पर भी बुलडोजर चला कर धराशायी किया गया।
बीते कुछ वर्षों से राजनांदगांव शहर के शराब दुकान के समीप रेवाडीह और मोहारा क्षेत्र में अवैध रूप से चखना दुकान संचालित हो रही थी। लेकिन प्रशासन के द्वारा इस पर करवाई नहीं की जा रही थी। अब प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के साथ ही कार्रवाई का दौर भी शुरू हो चुका है। शुक्रवार को राजनांदगांव नगर निगम, राजस्व अमला और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम इन चखना सेंटरों पर बुलडोजर लेकर कार्रवाई के लिए निकली। शहर के रेवाडीह और मोहारा क्षेत्र से चखना सेंटर को बुलडोजर के माध्यम से धराशाई कर दिया गया। तो वहीं सड़क किनारे लगे अन्य दुकानों को भी तोड़कर अतिक्रमण मुक्त कराए जाने की कार्रवाई की गई।



